मासूम टिंकल की हत्या के मामले में पांच पुलिसकर्मी निलंबित

अलीगढ।टप्पल के चर्चित मासूम टिंकल हत्याकांड में पुलिस लापरवाही उजागर हुई है। इसके चलते एसएसपी ने तीन दिन पहले लाइन हाजिर किए गए निवर्तमान इंस्पेक्टर केपी सिंह चहल सहित पांच पुलिसकर्मियों को गुरुवार देर रात निलंबित कर दिया।
निवर्तमान कर्मियों में थाने के तीन दरोगा व एक सिपाही शामिल हैं। इन पर गुमशुदगी देरी से लिखने के अलावा, बच्ची की खोज में और हत्या होने पर आरोपियों की गिरफ्तारी में लापरवाही का आरोप है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार नितर्वमान इंस्पेक्टर टप्पल कुशलपाल सिंह चहल, थाने के तीन सब इंस्पेक्टर सत्यवीर सिंह, अरविंद कुमार, शमीम अहमद व सिपाही राहुल यादव को निलंबित किया गया है।
इन पांचों पर क्रमवार यह आरोप हैं कि पहले तो बच्ची 30 मई को गायब हुई और परिजन थाने गए तो इन्होंने 31 मई को गुमशुदगी क्यों दर्ज की। उसी दिन क्यों नहीं, इसके अलावा बच्ची को खोजने और हत्या की जानकारी होने के बाद आरोपियों को खोजने में भी लापरवाही की गई और पुलिस टीम में समन्वय का भी अभाव दिखा।

