पंत के निधन पर विधानसभा में श्रद्धांजलि सभा आयोजित

देहरादून।देवभूमि खबर। उत्तराखंड विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री प्रकाश पंत के निधन पर उत्तराखंड विधानसभा में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। जिसमें विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल ने कहा है कि प्रकाश पंत का निधन उत्तराखंड प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है। श्रद्धांजलि सभा के पश्चात पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उत्तराखंड के परिपेक्ष्य में हमेशा ही पंत ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अग्रवाल ने कहा है कि विधानसभा में सदन की कार्रवाई के दौरान प्रतिपक्ष के आक्रमक सवालों के जवाब जिस शालीनता से प्रकाश पंत जी देते थे वह उनके वाकपटुता की ही कला थी कि विपक्ष भी उनके विचारों को ध्यान से सुनता था और सहमत भी होता था। अग्रवाल ने कहा है कि उत्तराखंड ने एक कुशल संगठन, कर्ता साहित्यकार, लेखक को खो दिया है। अग्रवाल ने कहा कि मृदुभाषी, सरल हृदय एवं संसदीय कार्यों के ज्ञाता पंत को उत्तराखंड विधानसभा कभी नहीं भूल पाएगी। उन्होने कहा कि उत्तराखंड विधानसभा के प्रथम विधानसभा अध्यक्ष होने का गौरव उन्हें प्राप्त था। उन्होंने उत्तराखंड विधानसभा की आधारशिला रखी और विधानसभा में पंत ने संसदीय कार्य में अनेक उदाहरण प्रस्तुत किए।

