मात्र 48 घंटे में हरदीप सिंह हत्याकांड का खुलासा, दम्पत्ति गिरफ्तार

ऊधमसिंहनगर। कोतवाली कुण्डा पुलिस ने हरदीप सिंह हत्याकांड का महज 48 घंटे में खुलासा करते हुए वारदात में शामिल दम्पत्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुख्य अभियुक्त की निशांदेही पर घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल, खोखा कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त कार भी बरामद की है। जांच में हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने एवं नष्ट करने के षडयंत्र में अभियुक्ता की भूमिका भी सामने आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 13 सितंबर 2026 को रजविन्दर कौर पत्नी सुखदेव सिंह, निवासी गुलजारपुर, थाना काशीपुर ने कोतवाली काशीपुर में सूचना दी कि उनके पुत्र हरदीप सिंह पुत्र सुखदेव सिंह, निवासी गुलजारपुर कुण्डेश्वरी, कोतवाली काशीपुर की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। सूचना के मुताबिक संदीप सिंह ने अपनी पत्नी एवं माता के समक्ष हरदीप सिंह को गोली मारी थी। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे रुपयों के लेन-देन को लेकर उत्पन्न विवाद सामने आया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने प्रकरण के शीघ्र अनावरण और अभियुक्तों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस ने तत्काल मुकदमा अपराध संख्या 274/2026, धारा 103(1), 238, 61(2) भारतीय न्याय संहिता तथा 30 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विभिन्न पुलिस टीमों का गठन किया।
गठित पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में गहन छानबीन करते हुए सुरागरसी-पतारसी, संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ तथा वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों का संकलन और विश्लेषण किया। पुलिस के लगातार प्रयासों और सटीक विवेचना के परिणामस्वरूप हत्याकांड में शामिल दोनों अभियुक्तों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि संदीप सिंह उर्फ सोना हत्या का मुख्य अभियुक्त है, जबकि उसकी पत्नी संदीप कौर की भूमिका हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने एवं नष्ट करने के षडयंत्र में सामने आई है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में संदीप सिंह उर्फ सोना पुत्र सुरजीत सिंह, उम्र 40 वर्ष, निवासी गौरा फार्म, थाना कोतवाली कुण्डा, जनपद ऊधमसिंहनगर तथा उसकी पत्नी संदीप कौर, उम्र 35 वर्ष, निवासी गौरा फार्म, थाना कोतवाली कुण्डा, जनपद ऊधमसिंहनगर शामिल हैं।
अभियुक्त संदीप सिंह की निशांदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल, खोखा कारतूस और अभियुक्त की कार बरामद की है। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है ।
पुलिस टीम में निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कुण्डा, उपनिरीक्षक सौरभ कुमार, चौकी प्रभारी शिवराजपुर पट्टी, उपनिरीक्षक गोविन्द मेहता, चौकी प्रभारी गढ़ीनेगी, उपनिरीक्षक मनोज देव, चौकी प्रभारी मण्डी, उपनिरीक्षक सोनू सिंह, चौकी प्रभारी सूर्या, कोतवाली कुण्डा, उपनिरीक्षक नवीन चन्द्र जोशी, कोतवाली कुण्डा, अपर उपनिरीक्षक रविश राम तथा कांस्टेबल देवेन्द्र कुमार, संजय कुमार, गणेश मेहरा, भरत बिष्ट, राजीव कुमार और राजकुमार शामिल रहे।
