चेन्नई में 71.24 किलो हेरोइन की बड़ी खेप जब्त, श्रीलंका तस्करी की कोशिश नाकाम

चेन्नई। अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने चेन्नई में 71.24 किलोग्राम हेरोइन की खेप जब्त की है। यह खेप समुद्री तटीय मार्ग से श्रीलंका पहुंचाई जानी थी। डीआरआई ने कार्रवाई के दौरान दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। वर्ष 2026 में देश में हेरोइन की यह अब तक की सबसे बड़ी एकल जब्तियों में से एक बताई गई है।
डीआरआई को खुफिया जानकारी मिली थी कि हेरोइन की एक बड़ी खेप चेन्नई से समुद्री मार्ग के जरिए श्रीलंका तस्करी के लिए ले जाई जा रही है। इस सूचना के आधार पर अधिकारियों ने 17 और 18 नवंबर 2026 को चेन्नई में निगरानी अभियान चलाया। इसके बाद संदिग्ध वाहन के साथ उसकी निगरानी कर रहे एक दोपहिया वाहन को भी रोककर तलाशी ली गई।
वाहन की गहन तलाशी के दौरान हल्के सफेद रंग के पाउडर से भरे 69 पैकेट बरामद हुए। इनका कुल सकल वजन 71.24 किलोग्राम पाया गया। बरामद हेरोइन को स्वापक औषधि एवं मनः प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 के तहत जब्त कर लिया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तस्करी की इस खेप को तिरुचिरापल्ली (त्रिची) से चेन्नई लाया गया था। इसके बाद चेन्नई को पारगमन केंद्र बनाकर समुद्री तटीय मार्ग से श्रीलंका पहुंचाने की योजना थी। मादक पदार्थों के परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे दोनों वाहनों को भी जब्त कर लिया गया है।
इस मामले में शामिल दो व्यक्तियों को एनडीपीएस अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। डीआरआई के अनुसार, इस कार्रवाई से अंतरराष्ट्रीय अवैध मादक पदार्थ बाजार तक हेरोइन की बड़ी खेप पहुंचाने की कोशिश नाकाम हुई है।
गौरतलब है कि डीआरआई ने अक्टूबर 2026 में भी नागपट्टिनम के निकट एक तटीय गांव से 137 किलोग्राम मेथामफेटामाइन की खेप जब्त की थी। आशंका थी कि इस खेप को भी श्रीलंका तस्करी कर पहुंचाया जाना था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से समुद्री मार्ग के जरिए संचालित अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क पर निगरानी और खुफिया तंत्र की सक्रियता सामने आई है।


