HTML tutorial
HTML tutorial

नौ लाख रुपये रिश्वत मामले में बैंक ऑफ बड़ौदा का शाखा प्रबंधक और दो एजेंट गिरफ्तार

नौ लाख रुपये रिश्वत मामले में बैंक ऑफ बड़ौदा का शाखा प्रबंधक और दो एजेंट गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने नौ लाख रुपये की रिश्वत मांगने के मामले में बैंक ऑफ बड़ौदा की इंदिरानगर शाखा, देहरादून के शाखा प्रबंधक और दो प्रत्यक्ष विक्रय एजेंटों (डीएसए) को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपितों ने 1.80 करोड़ रुपये का ऋण स्वीकृत एवं वितरित कराने के एवज में ऋण राशि का पांच प्रतिशत यानी नौ लाख रुपये रिश्वत के रूप में मांगे थे।

सीबीआई के अनुसार, इस मामले में 18 नवंबर 2026 को शाखा प्रबंधक और तीन निजी व्यक्तियों के खिलाफ शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बैंक ऑफ बड़ौदा की इंदिरानगर शाखा से 1.80 करोड़ रुपये के ऋण के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि ऋण स्वीकृत कराने और धनराशि जारी करवाने के बदले आरोपितों ने नौ लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी।

शिकायत के अनुसार, आरोपित पहले ही शिकायतकर्ता से 2.50 लाख रुपये नकद रिश्वत के रूप में ले चुके थे। इसके बाद शेष 6.50 लाख रुपये देने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। आरोपितों के निर्देश पर शिकायतकर्ता ने 3.80 लाख और 2.20 लाख रुपये के दो बिना तारीख वाले चेक भी उन्हें दिए थे। शेष 50 हजार रुपये नकद देने की बात कही गई थी।

सीबीआई ने 18 नवंबर को जाल बिछाकर कार्रवाई की और एक प्रत्यक्ष विक्रय एजेंट को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद मामले में कथित संलिप्तता के आधार पर बैंक के शाखा प्रबंधक और एक अन्य एजेंट को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

सीबीआई ने गिरफ्तार तीनों आरोपितों के आवासीय परिसरों की तलाशी भी ली। इस दौरान आपत्तिजनक दस्तावेज और नकदी बरामद कर जब्त की गई। तीनों आरोपितों को शुक्रवार को देहरादून स्थित सक्षम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। सीबीआई की पुलिस अभिरक्षा रिमांड संबंधी अर्जी पर 23 नवंबर को सुनवाई होगी।

देवभूमि खबर

Related articles