उत्तराखंड के चार जनपदों में 22 नवंबर से चलेगा उप-राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान,नोडल अधिकारी/प्रभारी निदेशक एनएचएम डॉ. अमित शुक्ला ने की अभियान की तैयारियों की समीक्षा

देहरादून। उत्तराखंड में पोलियो मुक्त स्थिति बनाए रखने और बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से 22 नवंबर से चार जनपदों में उप-राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान (एसएनआईडी-2026) संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, चमोली और नैनीताल में शून्य से पांच वर्ष तक के लगभग 2.56 लाख बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
नोडल अधिकारी/प्रभारी निदेशक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन डॉ. अमित शुक्ला की अध्यक्षता में 19 नवंबर को आयोजित राज्य स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। डॉ. शुक्ला ने बताया कि 22 नवंबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक निर्धारित बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके बाद 23 से 28 नवंबर तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर अभियान के दौरान छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक देंगी।
अभियान के लिए प्रदेश में कुल 2,053 बूथ बनाए गए हैं। इनमें 1,466 बूथ पर्वतीय क्षेत्रों में और 587 बूथ मैदानी क्षेत्रों में स्थापित किए जाएंगे। एनएचएम निदेशक ने निर्देश दिए कि जिन बच्चों को पहले भी पोलियो की खुराक दी जा चुकी है, उन्हें भी इस अभियान में दो बूंद अवश्य पिलाई जाएं।
अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ शिक्षा, समाज कल्याण और पंचायती राज विभाग सहित विभिन्न विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। विश्व स्वास्थ्य संगठन, यूएनडीपी और अन्य सहयोगी संस्थाएं भी अभियान में सहयोग करेंगी।
विशेष रूप से प्रवासी परिवारों, निर्माण स्थलों, ईंट-भट्ठों, शहरी मलिन बस्तियों और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों तक पहुंच बनाने पर जोर दिया गया है। बैठक में व्यापक जनजागरूकता, सामुदायिक सहभागिता और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।


