किच्छा मतगणना परिसर में हंगामा, विधायक बेहड़ से धक्का-मुक्की के आरोप में एक गिरफ्तार; 30 हिरासत में
किच्छा। नगर पालिका किच्छा एवं सिरौलीकलां के निर्वाचन की मतगणना प्रक्रिया के दौरान नई मंडी स्थित मतगणना परिसर में मंगलवार शाम शांति व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति उत्पन्न हो गई। वर्तमान विधायक तिलक राज बेहड़ और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला अपने-अपने समर्थकों एवं प्रत्याशियों के साथ परिसर में पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए और कहासुनी के साथ धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस के अनुसार 22 सितंबर को करीब शाम 4:30 बजे नई मंडी, किच्छा स्थित मतगणना परिसर में दोनों पक्षों के आमने-सामने आने के बाद कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी। किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूर्व विधायक राजेश शुक्ला और उनके समर्थकों को सिडकुल चौकी, पंतनगर ले जाया गया, जबकि विधायक तिलक राज बेहड़ और उनके समर्थकों को कोतवाली किच्छा ले जाया गया।
पुलिस ने विधायक तिलक राज बेहड़ के साथ धक्का-मुक्की करने के आरोप में धीरज कुमार (40) पुत्र शम्भू सिंह, निवासी वार्ड नंबर-4, आस्था कॉलोनी, लालपुर, थाना किच्छा, ऊधमसिंहनगर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
इसके अलावा पुलिस ने शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले अन्य लोगों को चिन्हित करते हुए अब तक 30 व्यक्तियों को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि हिरासत में लिए गए व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
मामले में कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक बसंत प्रसाद, अपर उपनिरीक्षक संतोष उप्रेती, कांस्टेबल बृजमोहन सिंह और कांस्टेबल हरेन्द्र धामी शामिल रहे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने कहा कि जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि स्ट्रांग रूम की सुरक्षा और निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है तथा शांति भंग करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


