आईआईटी रुड़की में प्रशिक्षण के बाद आईआईएम काशीपुर के लिए चयनित हुईं थत्यूड़ महाविद्यालय की दो छात्राएं

थत्यूड़। राजकीय महाविद्यालय थत्यूड़ की दो छात्राओं का देवभूमि उद्यमिता योजना के अंतर्गत आईआईटी रुड़की में प्रशिक्षण के बाद भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) काशीपुर के उद्यमिता विकास कार्यक्रम के लिए चयन हुआ है। इस उपलब्धि से महाविद्यालय में खुशी का माहौल है।
महाविद्यालय के तृतीय सेमेस्टर में अध्ययनरत कु. स्वाति पुरी एवं कु. चांदनी का चयन देवभूमि उद्यमिता योजना के अंतर्गत किया गया है। दोनों छात्राएं 23 से 28 सितंबर 2026 तक आईआईएम काशीपुर में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगी। महाविद्यालय प्रशासन ने इसे संस्थान के साथ-साथ पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की उपलब्धि बताया है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आदित्य कुमार मौर्य ने दोनों छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्होंने अपनी प्रतिभा से महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में उद्यमिता युवाओं के लिए रोजगार प्राप्त करने के साथ-साथ स्वरोजगार और रोजगार सृजन का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है। देवभूमि उद्यमिता योजना युवाओं को अपने कौशल, नवाचार और विचारों को विकसित कर उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच प्रदान कर रही है।
महाविद्यालय की नोडल अधिकारी डॉ. गीता रावत शाह ने बताया कि पिछले वर्ष भी महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने देवभूमि उद्यमिता योजना के अंतर्गत आयोजित विभिन्न गतिविधियों में प्रतिभाग किया था। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों में नवाचार, नेतृत्व क्षमता और उद्यमिता कौशल विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राध्यापकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने चयनित छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। महाविद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि दोनों छात्राएं प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान एवं अनुभव का उपयोग भविष्य में सफल उद्यम स्थापित करने के साथ-साथ अन्य युवाओं को उद्यमिता के लिए प्रेरित करने में करेंगी।


