तमंचे के बल पर बाइक और मोबाइल लूट का हरिद्वार पुलिस ने किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार। थाना सिडकुल क्षेत्र में तमंचे के बल पर बाइक, मोबाइल फोन और पर्स लूटने के मामले का हरिद्वार पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार, आरसी, आधार कार्ड, पर्स और एक हजार रुपये बरामद किए हैं। मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।
दिनांक 24 सितंबर 2026 को पंकज कुमार निवासी अन्नेकी हेतमपुर, रोशनाबाद ने थाना सिडकुल में तहरीर देकर बताया था कि रानीपुर नदी के पास दोपहर के समय चार अज्ञात लोगों ने तमंचे के बल पर उसकी पल्सर मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन लूट लिया। तहरीर के आधार पर थाना सिडकुल में मुकदमा अपराध संख्या 402/2026, धारा 309(4) बीएनएस के तहत चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास आने-जाने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा घटना में शामिल आरोपियों और वाहन के संबंध में जानकारी जुटाई। इसके साथ ही वादी से पूछताछ करने के साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों से भी आवश्यक जानकारी ली गई।
पुलिस के लगातार प्रयासों के दौरान टीम ने घटना में शामिल दीपक और आकाश उर्फ पहाड़ी को नवोदय स्कूल के सामने लगने वाले पीठ मैदान के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 23 सितंबर 2026 को थाना रायपुर, देहरादून क्षेत्र में एक महिला के अपहरण के प्रयास के मामले में गिरफ्तारी के डर से वे अपने साथियों के साथ कार से हरिद्वार आए थे।
आरोपियों के अनुसार 24 सितंबर को उनका एक साथी अपने घर चला गया। इसके बाद दीपक और तीन अन्य युवक पेंटागन मॉल के पीछे नदी के पास शराब पीने गए। पैसों की कमी होने पर उन्होंने नदी किनारे कार खड़ी कर कच्चे रास्ते से गुजर रहे बाइक सवार को रोक लिया और तमंचे के बल पर उसकी पल्सर मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और पर्स लूट लिया। वारदात के बाद सभी मौके से फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनके दो अन्य साथी लूटी गई मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बेचने के लिए गए हैं, जो अभी तक वापस नहीं लौटे हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ़्तार अरोपियों की पहचान दीपक पुत्र दिलीप कुमार, निवासी ग्राम खागा, थाना खागा, जिला फतेहपुर सीकरी, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी विष्णु लोक कॉलोनी, रानीपुर, हरिद्वार, उम्र 21 वर्ष। आकाश उर्फ पहाड़ी पुत्र अनिल, निवासी ग्राम नगर, थाना पौड़ी, जनपद पौड़ी गढ़वाल, हाल निवासी मकान नंबर 1028, विष्णु लोक कॉलोनी, थाना रानीपुर, हरिद्वार, उम्र 26 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अजय शाह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रवीण बिष्ट, उपनिरीक्षक इंद्रजीत सिंह राणा, उपनिरीक्षक अनिल बिष्ट, हेड कांस्टेबल संजय और कांस्टेबल मनीष कुमार शामिल रहे।
