HTML tutorial
HTML tutorial

लंबित एफसीआरए पंजीकरण के नाम पर रिश्वत मांगने वाले गृह मंत्रालय के दो अधिकारी गिरफ्तार

लंबित एफसीआरए पंजीकरण के नाम पर रिश्वत मांगने वाले गृह मंत्रालय के दो अधिकारी गिरफ्तार
Spread the love

नई दिल्ली। गृह मंत्रालय से मिली महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए 28 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में गृह मंत्रालय से जुड़े दो सरकारी अधिकारियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अधिकारियों में एक वरिष्ठ लेखाकार और दूसरा लेखाकार के पद पर कार्यरत है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों अधिकारियों पर एक एसोसिएशन से संपर्क कर उसके लंबित एफसीआरए पंजीकरण को कराने के बदले अवैध रूप से रिश्वत मांगने का आरोप है। इनमें से एक अधिकारी वर्तमान में गृह मंत्रालय के विदेशी प्रभाग में तैनात है, जबकि दूसरा वर्तमान में वेतन एवं लेखा कार्यालय में कार्यरत है और इससे पहले विदेशी प्रभाग में सेवाएं दे चुका है।

शुरुआती पूछताछ में यह भी सामने आया है कि दोनों अधिकारी कथित तौर पर अवैध रूप से धन लेकर कुछ संगठनों के पंजीकरण और नवीनीकरण से जुड़े मामलों में मदद करने के लिए उनके संपर्क में थे। मामले में आगे की जांच जारी है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

गृह मंत्रालय ने भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति दोहराते हुए कहा है कि मामले में उचित कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई की जा रही है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि एफसीआरए से संबंधित सभी सेवाएं एफसीआरए पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाती हैं। एफसीआरए से जुड़ी किसी भी सेवा में सहायता प्रदान करने के लिए किसी बिचौलिए, एजेंट या अन्य व्यक्ति को अधिकृत नहीं किया गया है।

देवभूमि खबर

Related articles