राजकीय महाविद्यालय थत्यूड़ में 90 प्रतिशत मतदान, आशीष नेगी अध्यक्ष निर्वाचित

राजकीय महाविद्यालय थत्यूड़ में 90 प्रतिशत मतदान, आशीष नेगी अध्यक्ष निर्वाचित
Spread the love

थत्यूड़। राजकीय महाविद्यालय थत्यूड़ में छात्र संघ निर्वाचन 2026 शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष माहौल में संपन्न हुआ। चुनाव को लेकर छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। महाविद्यालय के कुल 367 पंजीकृत मतदाताओं में से 331 छात्र-छात्राओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह महाविद्यालय में करीब 90 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
मतदान प्रक्रिया सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक चली। मतदान केंद्र पर छात्र-छात्राओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। महाविद्यालय प्रशासन, निर्वाचन समिति और पुलिस की सतर्कता के चलते मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या शिकायत सामने नहीं आई।

मतगणना के बाद छात्र संघ के विभिन्न पदों के परिणाम घोषित किए गए। अध्यक्ष पद पर आशीष नेगी, उपाध्यक्ष पद पर दीपिका, सचिव पद पर सानिया धीमान, सह-सचिव पद पर काजल और कोषाध्यक्ष पद पर रंगीता निर्वाचित हुईं। वहीं विश्वविद्यालय प्रतिनिधि (यूआर) पद पर प्रतिष्ठा चमोली निर्विरोध निर्वाचित हुईं।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आदित्य कुमार मौर्य और मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. कुंवर सिंह ने बताया कि छात्र संघ चुनाव की पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में सहयोग करने वाले महाविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों, पुलिस प्रशासन और छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया।

चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विजयी प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। महाविद्यालय प्रशासन ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनसे छात्रहित में सकारात्मक और रचनात्मक भूमिका निभाने की अपेक्षा की।

देवभूमि खबर

Related articles