हरिद्वार में खुलेगा ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज, हर बैच में 50 एमबीबीएस छात्रों को मिलेगा प्रवेश

देहरादून। हरिद्वार में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल करते हुए कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) ने ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज की स्थापना को मंजूरी प्रदान की है। मेडिकल कॉलेज में प्रत्येक बैच में 50 एमबीबीएस छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा। कॉलेज का संचालन हरिद्वार स्थित मौजूदा ईएसआईसी अस्पताल के बुनियादी ढांचे और उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए किया जाएगा।
हरिद्वार में ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज की स्थापना को मंजूरी 30 जून 2026 को नई दिल्ली स्थित ईएसआईसी मुख्यालय में आयोजित कर्मचारी राज्य बीमा निगम की 198वीं बैठक में लिए गए निर्णय के क्रम में प्रदान की गई है। इसके तहत मौजूदा ईएसआईसी अस्पताल के संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए मेडिकल कॉलेज शुरू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज की स्थापना को मंजूरी मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में लगातार महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार में ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज की स्थापना से प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के अवसरों का विस्तार होगा। इससे युवाओं को एमबीबीएस की शिक्षा प्राप्त करने के लिए एक और महत्वपूर्ण संस्थान उपलब्ध होगा। साथ ही, मेडिकल कॉलेज के शुरू होने से क्षेत्र में चिकित्सा सुविधाओं को भी और मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि मौजूदा ईएसआईसी अस्पताल के बुनियादी ढांचे का उपयोग करते हुए मेडिकल कॉलेज शुरू किए जाने से उपलब्ध स्वास्थ्य संसाधनों का बेहतर और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित होगा। इससे चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
