HTML tutorial
HTML tutorial

एडीजी की सख्ती के बाद हरकत में आई नैनीताल पुलिस, एक ही दिन में 43 मुकदमे दर्ज, अब तक कुल 49 अभियोग पंजीकृत

एडीजी की सख्ती के बाद हरकत में आई नैनीताल पुलिस, एक ही दिन में 43 मुकदमे दर्ज, अब तक कुल 49 अभियोग पंजीकृत
Spread the love

नैनीताल। साइबर अपराध के हॉटस्पॉट के विरुद्ध कार्रवाई में तेजी लाने के लिए अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन की सख्ती के बाद नैनीताल पुलिस ने व्यापक कार्रवाई की है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के क्रम में जनपद के विभिन्न थानों में एक ही दिन में 43 अभियोग दर्ज किए गए। इसके साथ ही साइबर अपराध के हॉटस्पॉट से संबंधित मामलों में अब तक कुल 49 मुकदमे पंजीकृत किए जा चुके हैं।

साइबर अपराध के हॉटस्पॉट के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई में अपेक्षित तेजी नहीं आने पर अपर पुलिस महानिदेशक डॉ. वी. मुरुगेशन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कड़ी नाराजगी जताई थी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ठोस एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। आईजी कुमाऊं रेंज निवेदिता कुकरेती ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के बाद नैनीताल पुलिस ने जांच में सामने आए मामलों में मुकदमे दर्ज कराने की प्रक्रिया तेज की। पुलिस ने साइबर अपराध से जुड़े म्यूल बैंक खातों, एटीएम से धन निकासी, चेक के माध्यम से निकासी तथा सिम कार्ड और पीओएस मशीनों से संबंधित मामलों की जांच कर वैधानिक कार्रवाई की है।

जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि साइबर अपराध के हॉटस्पॉट को चिह्नित कर उनके विरुद्ध तत्काल और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पुलिस का उद्देश्य साइबर अपराध से अर्जित धनराशि की निकासी में इस्तेमाल होने वाले माध्यमों और अपराधियों को सहयोग पहुंचाने वाले नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाना है।

नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराध से अर्जित धनराशि को बैंक खातों, एटीएम, चेक अथवा अन्य माध्यमों से निकालने तथा इस तरह के अपराधों में सहयोग करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा कि साइबर अपराध से जुड़े विभिन्न हॉटस्पॉट की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करना प्राथमिकता है।

देवभूमि खबर

Related articles