चकराता बाजार में अतिक्रमण के खिलाफ पुलिस का अभियान, 8 के चालान

चार दुकानदारों और चार वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई, त्योहारों के मद्देनजर अभियान रहेगा जारी
देहरादून। आगामी त्योहारों के मद्देनजर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और आमजन को अतिक्रमण से होने वाली परेशानी से निजात दिलाने के लिए चकराता पुलिस ने शनिवार को चकराता बाजार में अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाया। इस दौरान सड़क और फुटपाथ पर दुकान का सामान व हिस्सा बाहर निकालकर अतिक्रमण करने तथा सड़क पर अनधिकृत रूप से वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

17 अक्टूबर 2026 को कोतवाली चकराता पुलिस ने अभियान के दौरान चार दुकानदारों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत दो-दो हजार रुपये का संयोजन शुल्क निर्धारित करते हुए कार्रवाई की। वहीं, चार वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के अंतर्गत चालानी कार्रवाई करते हुए प्रकरण न्यायालय भेजने की प्रक्रिया अपनाई गई।
पुलिस ने दुकानदारों, आमजन और टैक्सी यूनियन के सदस्यों को भविष्य में अतिक्रमण नहीं करने तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत दी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण तथा अनधिकृत पार्किंग से आमजन को परेशानी होती है और यातायात बाधित होता है।
चकराता पुलिस के अनुसार, त्योहारों के दौरान बाजार में भीड़ और वाहनों की आवाजाही को देखते हुए अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


