दहेज में बुलेट और पांच लाख रुपये की मांग, नवविवाहिता की हत्या के आरोप में पति समेत चार गिरफ्तार

नैनीताल। रामनगर में दहेज की मांग को लेकर नवविवाहिता की हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने मृतका के पति, सास, जेठ और ननद को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा बुलेट मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये नकद की मांग की जा रही थी। पुलिस के अनुसार, महिला की हत्या के बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास भी किया गया। मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी रामनगर द्वारा की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, मुरादाबाद जिले के डिलारी थाना क्षेत्र के बुढनपुर गांव निवासी नसीम अहमद पुत्र जबर साह ने 18 अक्टूबर 2026 को कोतवाली रामनगर में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री कोहिनूर का निकाह 16 मई 2026 को रामनगर के खताड़ी क्षेत्र में गैस गोदाम रोड निवासी उवेश पुत्र फजले अली के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार हुआ था। परिवार ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार विवाह में दहेज दिया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष द्वारा कथित तौर पर बुलेट मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये नकद की मांग की जा रही थी।
तहरीर में आरोप लगाया गया कि 16 अक्टूबर 2026 को ससुराल पक्ष के लोगों ने कोहिनूर को कमरे में बंद कर उसकी हत्या कर दी। शिकायत के आधार पर कोतवाली रामनगर में मुकदमा संख्या 339/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2) में अभियोग पंजीकृत किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह और क्षेत्राधिकारी रामनगर रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार को आरोपियों की गिरफ्तारी और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ और विवेचना में सामने आए तथ्यों के मुताबिक, कोहिनूर और उसके पति के बीच दहेज की रकम तथा पारिवारिक मामलों को लेकर विवाद होता था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसमें परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल हो गए। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कोहिनूर को चारपाई पर गिराकर उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया। इसके बाद उसके हाथ-पैर पकड़े गए और गर्दन पर दबाव डाला गया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस का आरोप है कि घटना के बाद हत्या को आत्महत्या का रूप देने के उद्देश्य से मृतका के गले में दुपट्टा बांधकर उसे पंखे से लटकाने का प्रयास किया गया और उसके आत्महत्या करने की बात कही गई। पुलिस मामले से जुड़े साक्ष्यों और घटनाक्रम की जांच कर रही है। अन्य व्यक्तियों की संभावित भूमिका और अतिरिक्त साक्ष्यों के संबंध में भी विवेचना जारी है।
पुलिस ने इस मामले में उवेश (22) पुत्र फजले अली निवासी गैस गोदाम, ऊटपड़ाव, खताड़ी, रामनगर (पति), नसरीन (50) पत्नी फजले अली (सास), अनस (23) पुत्र फजले अली (जेठ) और शबा (20) पुत्री फजले अली (ननद) को गिरफ्तार किया है। सभी के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
आरोपियों की गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट, चौकी प्रभारी छोई देवेंद्र सिंह राजपूत, उपनिरीक्षक सोमेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल गगनदीप सिंह भंडारी और महिला कांस्टेबल हरदेश कौर शामिल रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करने के लिए 2,500 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।


