ऑपरेशन सफाया’, 10 तमंचों के साथ 10 गिरफ्तार; 350 लीटर कच्ची शराब बरामद

ऊधमसिंह नगर। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सफाया’ के तहत नानकमत्ता क्षेत्र में पुलिस ने व्यापक अभियान चलाकर अवैध हथियारों, कच्ची शराब और अन्य संदिग्ध गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में करीब 10 घंटे तक चले इस अभियान में पुलिस ने 10 अवैध तमंचों के साथ 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 13 कारतूस और तीन खोखा कारतूस भी बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, अभियान का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक नगर रुद्रपुर ने किया। क्षेत्राधिकारी खटीमा, क्षेत्राधिकारी काशीपुर और क्षेत्राधिकारी सितारगंज के पर्यवेक्षण में नानकमत्ता कोतवाली पुलिस के साथ विभिन्न थानों और चौकियों की पुलिस, पीएसी, एसओजी, पुलिस लाइन तथा एंटी राइट टीम के अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस टीमों ने क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर सघन जांच और निरोधात्मक कार्रवाई की।
अवैध कच्ची शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 350 लीटर से अधिक अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। इसके अलावा, पुलिस ने चार कच्ची शराब की भट्टियां नष्ट कीं और करीब 10 हजार लीटर लहन नष्ट किया। अभियान के दौरान दो वारंटियों को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने जांच के दौरान 14 संदिग्ध व्यक्तियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 172 के तहत हिरासत में लेकर आवश्यक पूछताछ और वैधानिक कार्रवाई शुरू की। वहीं, एक अन्य संदिग्ध व्यक्ति के पास से सात क्यूआर कोड स्कैनर और करीब 12 लाख रुपये नकद बरामद होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस को इस मामले में साइबर अपराध से संबंधित गतिविधियों की आशंका है, जिसकी जांच की जा रही है।
एसएसपी अजय गणपति ने निर्देश दिए हैं कि जनपद के विभिन्न थाना और कोतवाली क्षेत्रों में इसी तरह अभियान चलाकर अवैध हथियारों, साइबर अपराध, कच्ची शराब और मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।


