HTML tutorial
HTML tutorial

देहरादून में लूट के प्रयास के दौरान धक्का देने से हुई थी व्यक्ति की मौत, दो आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

देहरादून। पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के सेवला खुर्द में सड़क किनारे मिले अज्ञात व्यक्ति के शव की जांच के दौरान पुलिस ने मौत की गुत्थी सुलझाते हुए गैर इरादतन हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने लूट के इरादे से व्यक्ति के साथ मारपीट की और उसे सड़क पर धक्का दे दिया। गिरने से व्यक्ति को अंदरूनी चोटें आईं, जिसके कारण उसकी मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, 20 अक्टूबर की सुबह कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि सेवला खुर्द क्षेत्र में राजा रानी वेडिंग पॉइंट के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। सूचना पर पटेलनगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और व्यक्ति को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के कपड़ों की तलाशी में पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिला। इसके बाद शव को 72 घंटे तक मोर्चरी में रखकर शिनाख्त के प्रयास किए गए। पहचान नहीं होने पर पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।

मृतक की पहचान के प्रयासों के दौरान पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो व्यक्ति मृतक के पीछे जाते दिखाई दिए। इनमें से एक ने मृतक के साथ मारपीट कर उसे सड़क पर धक्का दे दिया। व्यक्ति के गिरने के बाद दोनों आरोपी वहां से चले गए और कुछ देर बाद वापस लौटकर उसे हिलाकर देखने लगे। इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले में गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास आने-जाने वाले मार्गों के सीसीटीवी कैमरों की जांच की। साथ ही 100 से अधिक संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई। मुखबिर से मिली सूचना और जांच के आधार पर पुलिस ने पटेलनगर क्षेत्र से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और शराब के ठेकों के आसपास घूमते रहते थे। वहां से अत्यधिक नशे की हालत में जाने वाले व्यक्तियों को चिह्नित कर उनका पीछा करते और सुनसान स्थान मिलने पर उनसे पैसे तथा अन्य सामान छीनने का प्रयास करते थे।

पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर की रात दोनों आरोपी आईएसबीटी क्षेत्र में शराब के ठेके के पास घूम रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक व्यक्ति को अत्यधिक नशे की हालत में जाते देखा और उसका पीछा करते हुए सेवला खुर्द पहुंच गए। सुनसान स्थान पर उन्होंने व्यक्ति के साथ मारपीट कर पैसे छीनने का प्रयास किया। इसी दौरान धक्का लगने से व्यक्ति सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया। आरोपी मौके से भाग गए, लेकिन कुछ देर बाद लौटकर व्यक्ति को देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद दोनों वहां से फरार हो गए।

पुलिस ने अशरफ उर्फ काला (26 वर्ष), पुत्र असगर, निवासी ब्राह्मणवाला, पटेलनगर, देहरादून तथा सफदर (36 वर्ष), पुत्र अकबर, निवासी जीवनगढ़, थाना विकासनगर, देहरादून, हाल निवासी ब्राह्मणवाला, पटेलनगर को गिरफ्तार किया है।

कार्रवाई करने वाली टीम में पटेलनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश सिंह राठौड़, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश थलेड़ी, आईएसबीटी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार, कांस्टेबल कैलाश पंवार, बृजमोहन और अरशद तथा एसओजी के हेड कांस्टेबल किरण कुमार शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles