कनखल में अवैध वसूली और जान से मारने की धमकी देने का आरोपी गिरफ्तार,हिस्ट्रीशीटर पर हत्या के तीन मामलों समेत 22 मुकदमे दर्ज,
हरिद्वार। कनखल क्षेत्र में सब्जी, दूध और राशन विक्रेताओं से सामान लेकर पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी देने तथा ई-रिक्शा, टेंपो चालकों और ठेली-फड़ संचालकों से अवैध वसूली करने के आरोप में पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर अमित कटारिया को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर हत्या के तीन मामलों समेत कुल 22 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। हरिद्वार पुलिस ने यह कार्रवाई ऑपरेशन प्रहार के तहत की है।
पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर को रविदास बस्ती निवासी देवनन्द मंडल और आनंद कुमार ने कोतवाली कनखल में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में रहने वाला अमित कटारिया आए दिन सामान लेने के बाद पैसे मांगने पर चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देता है। आरोप है कि वह लोगों से शराब पीने के लिए अवैध रूप से पैसे मांगता है और विरोध करने पर गाली-गलौज तथा मारपीट करता है। आरोपी पर क्षेत्र में भय का माहौल बनाने के भी आरोप लगाए गए हैं।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने कोतवाली कनखल में मुकदमा संख्या 412/26 और 413/26 दर्ज किए। एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस टीम ने 26 अक्टूबर को आरोपी के घर पर दबिश देकर उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को 14 अक्टूबर और 24 अक्टूबर को भी भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया गया था। जमानत पर छूटने के बाद उस पर दोबारा इसी तरह की गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अमित कटारिया पुत्र हुकम चंद निवासी रविदास बस्ती, थाना कनखल का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध हत्या के तीन, गैंगस्टर अधिनियम का एक, अवैध वसूली के तीन, छेड़खानी के दो, एनडीपीएस अधिनियम का एक, अवैध शस्त्र के चार, गुंडा अधिनियम के दो, शराब तस्करी के दो, लड़ाई-झगड़े और आगजनी के दो तथा धारा 110 जी के तहत दो मामले दर्ज बताए गए हैं।
कार्रवाई करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह, उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र, उपनिरीक्षक धनराम शर्मा, कांस्टेबल विशन चौहान और कांस्टेबल जितेंद्र राणा शामिल रहे।


