HTML tutorial
HTML tutorial

मृत व्यक्ति को जीवित दिखाकर जमीन बेचने वाला आरोपी नैनीताल से गिरफ्तार

मृत व्यक्ति को जीवित दिखाकर जमीन बेचने वाला आरोपी नैनीताल से गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून। भूमि धोखाधड़ी के मामले में दून पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को नैनीताल से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर मृत व्यक्ति को जीवित दर्शाकर उसके नाम से फर्जी दस्तावेज तैयार करने और जमीन बेचने का आरोप है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।

पुलिस के अनुसार, 21 अक्टूबर 2026 को अपूर्व जोशी पुत्र स्वर्गीय जेपी जोशी, निवासी मिलन विहार, जीएमएस रोड, देहरादून ने थाना सेलाकुई में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आशीष कुमार राठौर और उसके अन्य साथियों ने सेलाकुई क्षेत्र के मौजा बड़ोवाला, परगना पछवादून, तहसील विकासनगर स्थित भूमि के मूल खातेदार स्वर्गीय निर्मल सिंह की मृत्यु की जानकारी होने के बावजूद उनके नाम पर फर्जी व्यक्ति खड़ा किया। इसके बाद फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी से भूमि का विक्रय कर दिया गया।

शिकायत के आधार पर थाना सेलाकुई में मुकदमा अपराध संख्या 158/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 319(2), 336(3), 338, 340(2) और 61(2) में अभियोग दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया।

विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और सर्विलांस से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने 27 अक्टूबर 2026 को आरोपी आशीष राठौर को नैनीताल से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त

आशीष राठौर पुत्र सुभाष चंद्र राठौर, निवासी बरोटीवाला, डाकघर पृथ्वीपुर खेड़ा, थाना विकासनगर, देहरादून, उम्र 33 वर्ष।

पुलिस टीम

उपनिरीक्षक सुमेर सिंह, हेड कांस्टेबल नीरज शुक्ला और कांस्टेबल सुधीर पंवार शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

 

 

 

 

Convert to PDF

देवभूमि खबर

Related articles