HTML tutorial
HTML tutorial

देहरादून में खाद्य सुरक्षा विभाग का अभियान, 32 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे

देहरादून में खाद्य सुरक्षा विभाग का अभियान, 32 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे
Spread the love

देहरादून। दीपावली सहित त्योहारी सीजन में आम जनता को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने देहरादून जनपद में निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विनय शंकर पांडेय के निर्देश पर विभागीय टीमों ने नवादा, माजरी माफी, रिंग रोड और विकासनगर-हरबर्टपुर क्षेत्र में मिठाई की दुकानों तथा अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान कुल 32 खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय खाद्य विश्लेषणशाला भेजे गए। साथ ही दो मिठाई की दुकानों पर नियमों का पालन नहीं होने पर नोटिस जारी किए गए।

अभियान के तहत मिठाइयों की गुणवत्ता जांचने के साथ ही खुले में बिक्री के लिए रखी मिठाइयों की ट्रे पर निर्माण तिथि और अवसान तिथि अंकित किए जाने की भी जांच की गई। अधिकारियों ने दुकानदारों को निर्देश दिए कि दोनों तिथियां स्पष्ट रूप से लिखी जाएं, ताकि उपभोक्ताओं को मिठाइयों की ताजगी और उपयोग की अवधि की सही जानकारी मिल सके।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम क्षेत्र देहरादून रमेश सिंह ने सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मनीष सयाना के नेतृत्व में नवादा, माजरी माफी और रिंग रोड क्षेत्र की विभिन्न मिठाई की दुकानों एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान चाहत स्वीट्स शॉप में मिठाइयों की ट्रे पर निर्माण और अवसान तिथि अंकित मिली। वहीं, आनंद स्वीट्स शॉप को दोनों तिथियां स्पष्ट रूप से लिखने के निर्देश दिए गए। क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों से चिप्स की दो किस्मों, घी, मसालों और सरसों के तेल सहित पांच खाद्य नमूने जांच के लिए लिए गए।

विद्यार्थियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने आठ सरकारी विद्यालयों में मिड-डे मील का निरीक्षण किया। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय डांडा लंखोड़, नागल हटनाला और खुदानेवाला, नालापानी, राजकीय इंटर कॉलेज गुजराड़ा और नालापानी, राजकीय कन्या जूनियर हाईस्कूल गुजराड़ा तथा राजकीय प्राथमिक माध्यमिक विद्यालय नागल हटनाला सहित विद्यालयों में भोजन की गुणवत्ता की जांच की।

इस दौरान मिक्स सब्जी, दाल, चावल और विद्यार्थियों को परोसे जाने वाले अन्य तैयार खाद्य पदार्थों के कुल 24 नमूने लिए गए। इनकी प्रयोगशाला जांच से भोजन की गुणवत्ता और सुरक्षा का आकलन किया जाएगा।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकासनगर संजय तिवारी ने हरबर्टपुर और विकासनगर क्षेत्र की मिठाई की दुकानों एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। चार मिठाई की दुकानों पर ट्रे में रखी मिठाइयों की निर्माण तिथि और अवसान तिथि की जांच की गई। दो दुकानों पर तिथियां अंकित नहीं पाए जाने पर संबंधित संचालकों को नोटिस जारी किए गए। इसके अलावा संदेह के आधार पर रस, चायपत्ती और गजक सहित तीन खाद्य नमूने लिए गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, अभियान के दौरान एकत्र किए गए सभी 32 नमूनों को राजकीय खाद्य विश्लेषणशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण एवं नमूना संग्रह अभियान लगातार जारी रहेगा।

देवभूमि खबर

Related articles