HTML tutorial
HTML tutorial

तकनीकी शिक्षा को मजबूती: 17.80 करोड़ की तीन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

तकनीकी शिक्षा को मजबूती: 17.80 करोड़ की तीन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
Spread the love

देहरादून,। प्रदेश में तकनीकी शिक्षा के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और युवाओं को आधुनिक एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शुक्रवार को लगभग 17.80 करोड़ रुपये की तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान, आमवाला, देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ने 9 करोड़ 63 लाख 45 हजार रुपये की लागत से बनने वाले एकेडमिक भवन का शिलान्यास किया। इसके साथ ही उन्होंने 4 करोड़ 88 लाख 52 हजार रुपये की लागत से आईआरडीटी में निर्मित एडवांस ट्रेनिंग सेंटर के द्वितीय चरण तथा 3 करोड़ 28 लाख 27 हजार रुपये की लागत से तैयार ऑनलाइन प्लेसमेंट सेल का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार तकनीकी शिक्षा को समय की मांग और औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। युवाओं को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा, आधुनिक कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में तकनीकी शिक्षा विभाग के अंतर्गत आधारभूत सुविधाओं के विकास तथा प्रयोगशालाओं में मशीनों, उपकरणों और अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लगभग 600 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।

मंत्री ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में तकनीकी शिक्षण संस्थानों को पारंपरिक शिक्षा तक सीमित नहीं रखा जा सकता। उन्हें आधुनिक तकनीक, नवाचार, व्यावहारिक प्रशिक्षण और उद्योगों की आवश्यकताओं से जोड़ना जरूरी है। ऑनलाइन प्लेसमेंट सेल और एडवांस ट्रेनिंग सेंटर जैसी सुविधाएं विद्यार्थियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने के साथ रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को शिक्षकों और शिक्षणेत्तर संवर्ग के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने के निर्देश भी दिए।

कार्यक्रम में सचिव तकनीकी शिक्षा डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा ने कहा कि विभाग प्रदेश के पॉलीटेक्निक संस्थानों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। औद्योगिक इकाइयों की मांग के अनुरूप नए पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। साथ ही शिक्षकों और छात्र-छात्राओं को नवीन तकनीकों का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।

निदेशक प्राविधिक शिक्षा देशराज ने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान की पहचान वहां उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं, शिक्षकों की गुणवत्ता, प्रयोगात्मक प्रशिक्षण, अनुशासन और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से होती है। उन्होंने कहा कि विभाग तकनीकी शिक्षा के तीन प्रमुख पक्षों—शैक्षणिक आधारभूत संरचना, आधुनिक कौशल प्रशिक्षण और रोजगार से जुड़ाव—को मजबूत करने के लिए प्रयासरत है।

कार्यक्रम के दौरान विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को नशामुक्त उत्तराखंड के निर्माण की शपथ भी दिलाई गई।

इस अवसर पर सचिव उत्तराखंड प्राविधिक शिक्षा परिषद डॉ. मुकेश पाण्डेय,तकनीकी शिक्षा निदेशक देशराज संयुक्त निदेशक देवेंद्र गिरि, राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज आमवाला के प्रधानाचार्य आर.पी. यादव सहित विभागीय अधिकारी, उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम के अधिकारी तथा पॉलीटेक्निक के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles