HTML tutorial
HTML tutorial

चमोली में हेलीकॉप्टर हादसे पर मुख्यमंत्री धामी ने जताया शोक, दुर्घटना की जांच के निर्देश

चमोली में हेलीकॉप्टर हादसे पर मुख्यमंत्री धामी ने जताया शोक, दुर्घटना की जांच के निर्देश
Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जनपद की जोशीमठ घाटी में ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के हेलीकॉप्टर हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर वीटी-एचसीएक्स बदरीनाथ से देहरादून के सहस्रधारा हेलीपोर्ट के लिए उड़ान भरने के बाद जोशीमठ घाटी में लापता हो गया था। हेलीकॉप्टर ने दोपहर 1:14 बजे उड़ान भरी थी। इसमें पायलट कैप्टन हिमांशु सहित कुल छह लोग सवार थे। यात्री सूची में प्रतापा, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के. और एच.एस. नटराज के नाम शामिल थे।

हेलीकॉप्टर की स्थिति का पता चलना बंद होने के बाद भारतीय सेना, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) और चमोली जिला प्रशासन की टीमों ने खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया था। स्थानीय स्तर पर चाईं गांव के ऊपर हेलीकॉप्टर की क्रैश लैंडिंग की सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ की जोशीमठ और पांडुकेश्वर टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हुई थीं।

मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जाए, ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सके।

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा आवश्यक राहत एवं अन्य व्यवस्थाएं तत्परता से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने अधिकारियों से प्रभावित परिवारों के साथ संवेदनशीलता बरतने और उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने को भी कहा।

देवभूमि खबर

Related articles