HTML tutorial
HTML tutorial

दीपावली पर मुख्यमंत्री धामी की कार्मिकों को सौगात, 30 दिन के तदर्थ बोनस को मंजूरी

दीपावली पर मुख्यमंत्री धामी की कार्मिकों को सौगात, 30 दिन के तदर्थ बोनस को मंजूरी
Spread the love

                  राज्य के पात्र कर्मचारियों को मिलेगा अधिकतम 6,908 रुपये का बोनस, दैनिक वेतनभोगी कार्मिक भी दायरे में

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीपावली के अवसर पर प्रदेश के सरकारी कार्मिकों को बड़ी सौगात देते हुए वर्ष 2025-26 के लिए 30 दिन के उत्पादकता असंबद्ध बोनस (तदर्थ बोनस) के भुगतान को मंजूरी प्रदान की है। इस निर्णय से राज्य के हजारों कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। इसके तहत पात्र कर्मचारियों को अधिकतम लगभग 6,908 रुपये का बोनस दिया जाएगा। वहीं, पात्र दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को भी बोनस का लाभ मिलेगा।

वित्त विभाग की ओर से जारी शासनादेश के अनुसार राज्य सरकार के समूह ‘ग’ एवं ‘घ’ के कर्मचारियों तथा समूह ‘ख’ के उन अराजपत्रित कर्मचारियों को बोनस अनुमन्य होगा, जिनका ग्रेड वेतन 4,800 रुपये अथवा पुनरीक्षित वेतनमान में लेवल-8 तक है। साथ ही ऐसे कर्मचारी किसी अन्य उत्पादकता आधारित बोनस योजना के अंतर्गत नहीं आने चाहिए।

स्वीकृत व्यवस्था के तहत पात्र कर्मचारियों को 30 दिन की परिलब्धियों के बराबर तदर्थ बोनस दिया जाएगा। बोनस की गणना के लिए अधिकतम मासिक परिलब्धियों की सीमा 7,000 रुपये निर्धारित की गई है। इस आधार पर पात्र कर्मचारी को अधिकतम लगभग 6,908 रुपये प्राप्त होंगे।

सरकार ने कैजुअल एवं दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को भी इस सुविधा में शामिल किया है। छह कार्यदिवसीय सप्ताह वाले कार्यालयों में पिछले तीन वर्ष या उससे अधिक समय तक प्रत्येक वर्ष कम से कम 240 दिन तथा पांच कार्यदिवसीय सप्ताह वाले कार्यालयों में प्रत्येक वर्ष कम से कम 206 दिन काम करने वाले पात्र कर्मचारियों को भी बोनस मिलेगा। इनके लिए गणना की मासिक सीमा 1,200 रुपये निर्धारित की गई है, जिसके आधार पर अधिकतम लगभग 1,184 रुपये का भुगतान होगा।

शासनादेश के अनुसार बोनस के लिए वही कर्मचारी पात्र होंगे, जो 31 मार्च 2026 को सेवा में कार्यरत थे और जिन्होंने इस तिथि तक न्यूनतम छह माह की निरंतर एवं संतोषजनक सेवा पूरी कर ली हो। छह माह से एक वर्ष तक की सेवा वाले पात्र कर्मचारियों को आनुपातिक आधार पर बोनस दिया जाएगा।

इस निर्णय का लाभ राजकीय विभागों के कार्यप्रभारित कर्मचारियों, सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थाओं तथा जिला पंचायतों सहित अन्य पात्र संस्थाओं के कार्मिकों को भी निर्धारित शर्तों के अनुसार मिलेगा। इसके अलावा स्थानीय निकायों एवं विकास प्राधिकरणों के लाभ में होने की स्थिति में वहां कार्यरत पात्र कर्मचारियों को भी बोनस दिया जा सकेगा। इसका भुगतान संबंधित संस्थाएं अपने संसाधनों से करेंगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश के विकास में सरकारी कार्मिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनके परिश्रम, समर्पण और योगदान से ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को धरातल पर प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जाता है। राज्य सरकार कर्मचारियों के हितों एवं कल्याण के प्रति संवेदनशील है और उन्हें समय-समय पर प्रोत्साहन एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली खुशियों, उत्साह और समृद्धि का पर्व है। ऐसे अवसर पर कार्मिकों को बोनस की सौगात मिलने से उनके और उनके परिवारों की त्योहार की खुशियां बढ़ेंगी। सरकार भविष्य में भी कर्मचारियों के हितों से जुड़े विषयों पर सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ निर्णय लेती रहेगी।

देवभूमि खबर

Related articles