मानदेय वृद्धि और सेवानिवृत्ति पर 10 लाख की मांग को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मुख्यमंत्री आवास कूच
देहरादून। मानदेय में वृद्धि और सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता सहित लंबित मांगों को लेकर सोमवार, 2 नवंबर 2026 को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संयुक्त संगठन के नेतृत्व में प्रदेशभर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास कूच किया। इस दौरान सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए अपनी मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग उठाई।
संगठन की पदाधिकारी श्रीमती रेखा नेगी एवं श्रीमती सुशीला खत्री ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लंबे समय से मानदेय बढ़ोतरी और सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपये की सहायता सहित विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री एवं संबंधित मंत्रियों को कई बार ज्ञापन और पत्र भेज चुके हैं। इससे पूर्व 30 सितंबर को प्रदेश के सभी जिलों से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित कर मांगों पर कार्रवाई के लिए 15 दिन का समय दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
संगठन का कहना है कि सरकार लगातार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मांगों की अनदेखी कर रही है। इसी के विरोध में संयुक्त संगठन की बैठक में निर्णय लिया गया कि जब तक सरकार मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं करती, तब तक प्रदेशभर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार करेंगी। इसके तहत पोषण ट्रैकर और बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) से संबंधित कार्य भी नहीं किए जाएंगे।
संगठन के अनुसार 19 अक्टूबर से प्रदेश के आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण ट्रैकर एवं बीएलओ से संबंधित कार्य बंद कर दिए गए हैं। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि वे केवल अपनी उपस्थिति दर्ज करा रही हैं और इसके अतिरिक्त कोई ऑनलाइन कार्य नहीं कर रही हैं।
रेखा नेगी ने पूर्व में सरकार को 10 दिन का समय देते हुए चेतावनी दी थी कि यदि मांगों पर सुनवाई नहीं हुई तो कार्यकर्ताओं को मजबूरन सड़कों पर उतरकर आंदोलन करना पड़ेगा। इसी क्रम में सोमवार को प्रदेशभर से पहुंची आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास कूच कर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान संगठन के प्रतिनिधियों की मुख्य समन्वयक इंद्रजीत करो कोटी से वार्ता हुई। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि 9 नवंबर को मुख्यमंत्री की ओर से इस संबंध में घोषणा की जाएगी। इसके बाद संगठन ने स्पष्ट किया कि जब तक मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होता, तब तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।
प्रदर्शन में रेखा नेगी, विजयलक्ष्मी, रितेश चौहान, दिनीता देवी, सोनी, पुष्पा सजवाण, रेखा रौथाण, सुशीला खत्री, गीता चौहान, मधु पुंडीर, तनु लंबा, रीना देवी सहित प्रदेशभर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहीं।


