HTML tutorial
HTML tutorial

दीपावली से पहले मिलावटखोरों पर खाद्य सुरक्षा विभाग का शिकंजा, 78 खाद्य पदार्थों की जांच में 13 नमूने मानकों पर खरे नहीं

दीपावली से पहले मिलावटखोरों पर खाद्य सुरक्षा विभाग का शिकंजा, 78 खाद्य पदार्थों की जांच में 13 नमूने मानकों पर खरे नहीं
Spread the love

हरिद्वार। दीपावली पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट और अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपदभर में विशेष अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को विभाग की विभिन्न टीमों ने सुल्तानपुर, लक्सर और कनखल क्षेत्र में मिठाई निर्माण इकाइयों एवं दुकानों का निरीक्षण कर कार्रवाई की। इस दौरान कुल 10 खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। वहीं मोबाइल खाद्य प्रयोगशाला के माध्यम से 78 खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच की गई, जिनमें 13 खाद्य उत्पाद निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए।

जनपद में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा महिमानंद जोशी ने अधिकारियों की टीमें गठित की हैं। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों एवं सीमावर्ती इलाकों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच और नमूना संग्रह की कार्रवाई लगातार की जा रही है।

इसी क्रम में 2 से 6 नवंबर तक मोबाइल खाद्य प्रयोगशाला को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में तैनात किया गया है। उपायुक्त लैब बीरेन्द्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन एवं योगेन्द्र पाण्डेय की टीम ने सुल्तानपुर और लक्सर स्थित मिठाई निर्माण इकाइयों तथा दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान मिठाइयों के सात नमूने मौके पर जांच के लिए लिए गए।

निरीक्षण में लक्सर स्थित आजाद स्वीट्स और खाटू श्याम स्वीट्स के निर्माण कक्षों में गंदगी पाई गई। साथ ही खुली मिठाइयों पर निर्माण तिथि एवं उपयोग की अंतिम तिथि अंकित नहीं थी। इस पर दोनों प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए। लक्ष्मी स्वीट्स में भी मिठाइयों पर आवश्यक तिथियां अंकित नहीं मिलने पर नोटिस दिया गया। सुल्तानपुर स्थित एक मिठाई निर्माण इकाई को निर्देशित किया गया कि मिठाई के डिब्बों और ट्रे पर निर्माण तिथि, उपयोग की अंतिम तिथि, निर्माता का नाम-पता और खाद्य लाइसेंस संख्या अंकित करने के बाद ही बिक्री एवं आपूर्ति की जाए।

मोबाइल खाद्य प्रयोगशाला ने मिठाइयों, मसालों, तेल, दूध एवं दुग्ध उत्पादों सहित कुल 78 खाद्य पदार्थों की जांच की। इनमें 13 खाद्य उत्पादों के नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। ऐसे खाद्य पदार्थों को मौके से हटवाया गया। इसके अतिरिक्त खाटू श्याम स्वीट्स से खराब हो चुकी लगभग पांच किलोग्राम मिठाई भी हटवाई गई। मोबाइल प्रयोगशाला की टीम में खाद्य विश्लेषक अनुराग मियान, लैब सहायक गौरव नेगी एवं पूरण सिंह गंगोला शामिल रहे।

उधर, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम हरिद्वार कैलाश चंद्र टम्टा के नेतृत्व में दूसरी टीम ने नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। दक्ष रोड, झंडा चौक, कनखल स्थित खन्ना स्वीट हाउस से मिठाई निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे चांदी के वर्क का नमूना लिया गया। प्रतिष्ठान में प्रदर्शित मिठाइयों पर निर्माण तिथि और उपयोग की अंतिम तिथि अंकित नहीं मिलने पर संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर चालानी कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा दक्ष रोड स्थित शर्मा दुग्ध भंडार से खोया तथा कनखल स्थित वृजवासी स्वीट्स से छैना का नमूना जांच के लिए लिया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार अभियान के तहत कुल 10 विधिक नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि दीपावली तक खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, शुद्धता और सुरक्षित बिक्री सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण एवं नमूना संग्रह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

देवभूमि खबर

Related articles