दीपावली से पहले ज्वालापुर में पटाखा गोदामों और दुकानों का निरीक्षण, सुरक्षा मानकों की जांच,नगर मजिस्ट्रेट हरगिरि ने दुकानदारों को दिए निर्देश

हरिद्वार,। आगामी दीपावली पर्व को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सोमवार को नगर मजिस्ट्रेट हरगिरि एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने ज्वालापुर क्षेत्र में पटाखों के गोदामों और दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान पटाखा कारोबारियों को सुरक्षा मानकों एवं प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट ने पटाखा दुकानों एवं गोदामों में अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बाजार में विभिन्न स्थानों पर लगाए गए अग्निशमन यंत्र सही स्थिति में पाए गए। अधिकारियों ने दुकानदारों को अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग एवं संचालन की जानकारी देने के साथ ही व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया, ताकि आपात स्थिति में आग लगने की घटना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
नगर मजिस्ट्रेट ने निर्देश दिए कि सभी दुकानदार अग्निशमन उपकरणों को हमेशा चालू एवं उपयोग के लिए तैयार रखें। पटाखों का भंडारण और बिक्री निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही की जाए तथा प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही दुकानें संचालित की जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही या नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इसके अतिरिक्त अधिकारियों ने ज्वालापुर के बाजारों का निरीक्षण कर सड़क किनारे फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटवाया। व्यापारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपनी दुकानों का सामान निर्धारित पीली पट्टी के भीतर ही रखें और सड़क एवं फुटपाथ पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न करें। इससे आमजन को आवागमन में परेशानी नहीं होगी और बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहेगी।
प्रशासन ने व्यापारियों एवं पटाखा कारोबारियों से दीपावली के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा बाजारों में सुगम आवागमन बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर संजय चौहान, उपनिरीक्षक हर्ष अरोड़ा, चौकी प्रभारी विपिन कुमार, पुष्कर चौहान सहित पुलिस बल मौजूद रहा।


