देहरादून में एक किलो से अधिक चरस के साथ 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार
देहरादून। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दून पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 1 किलो 110 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना राजपुर में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/20/29 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 4 नवंबर 2026 की रात राजपुर पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम चेकिंग अभियान चला रही थी। इस दौरान मुखबिर की सूचना पर पुरानी मजार, जोहड़ी रोड के पास से आरोपी को चरस के साथ गिरफ्तार किया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मोथरोवाला, दून यूनिवर्सिटी रोड, नेहरू कॉलोनी क्षेत्र का निवासी है और वर्तमान में मुक्त विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई कर रहा है। जल्दी पैसा कमाने के लालच में वह मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त हो गया था। आरोपी ने बताया कि वह रिस्पना पुल निवासी एक स्थानीय नशा तस्कर से चरस लेकर आया था और इसे नशे के आदी स्थानीय लोगों को महंगे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में था। इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। उसके आपराधिक इतिहास के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त: अशद उर्फ शुभान खान (19 वर्ष), पुत्र वकील खान, निवासी मोथरोवाला, दून यूनिवर्सिटी रोड, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून।
बरामदगी: 1 किलो 110 ग्राम अवैध चरस, अनुमानित कीमत लगभग पांच लाख रुपये।
पुलिस टीम: उपनिरीक्षक पीडी भट्ट, थानाध्यक्ष राजपुर; उपनिरीक्षक अनित कुमार, चौकी प्रभारी जाखन; कांस्टेबल अमित एवं मोहित।
एएनटीएफ टीम: उपनिरीक्षक देवेंद्र गुप्ता, हेड कांस्टेबल नरेंद्र पुरी तथा कांस्टेबल गौरव चौधरी एवं मुस्तकीम।


