HTML tutorial
HTML tutorial

नंदा राजजात के प्रमुख पड़ाव वाण में बनेगी आधुनिक पार्किंग, 84 वाहन हो सकेंगे पार्क

नंदा राजजात के प्रमुख पड़ाव वाण में बनेगी आधुनिक पार्किंग, 84 वाहन हो सकेंगे पार्क
Spread the love

देहरादून। प्रदेश के धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में चमोली जनपद के प्रसिद्ध ग्राम वाण में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधुनिक सतही पार्किंग विकसित की जाएगी। आवास विभाग की ओर से प्रस्तावित इस परियोजना पर 1 करोड़ 36 लाख 36 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे क्षेत्र में पार्किंग की समस्या दूर होने के साथ पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने बताया कि प्रस्तावित परियोजना के तहत लगभग 2,300 वर्गमीटर क्षेत्रफल में पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। इसमें एक साथ करीब 84 वाहन खड़े किए जा सकेंगे। पार्किंग परिसर में पर्यटकों एवं स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए शौचालय ब्लॉक तथा सुरक्षा और देखरेख के लिए गार्ड रूम का भी निर्माण प्रस्तावित है।

चमोली जिले का ग्राम वाण समुद्र तल से लगभग 2,400 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। यहां निर्माणाधीन हेलीपैड के समीप पार्किंग विकसित की जाएगी। पर्यटन सीजन और धार्मिक आयोजनों के दौरान सीमित पार्किंग व्यवस्था के कारण वाहनों का दबाव बढ़ जाता है। नई पार्किंग बनने से वाहनों को व्यवस्थित रूप से खड़ा करने और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने में मदद मिलेगी।

ग्राम वाण धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। यह मोटर मार्ग का अंतिम पड़ाव होने के साथ विश्वप्रसिद्ध नंदा राजजात यात्रा का प्रमुख पड़ाव और आधार स्थल भी है। यहां स्थित प्रसिद्ध लाटू देवता मंदिर में वर्षभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रहती है। नंदा राजजात यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। ऐसे में पार्किंग और अन्य जनसुविधाओं का विकास धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

वाण साहसिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में भी पहचान रखता है। प्रसिद्ध रूपकुंड और बेदनी बुग्याल ट्रेक पर जाने वाले पर्यटकों एवं ट्रेकर्स के लिए यह महत्वपूर्ण आधार स्थल है। यहां देश–विदेश से बड़ी संख्या में प्रकृति प्रेमी और ट्रेकिंग के शौकीन पहुंचते हैं। पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि के साथ वाहनों की संख्या भी बढ़ रही है। ऐसे में पार्किंग, शौचालय और सुरक्षा संबंधी सुविधाओं का विकास आवश्यक हो गया है।

प्रस्तावित पार्किंग से सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े करने की समस्या में कमी आएगी। शौचालय ब्लॉक बनने से महिलाओं, बुजुर्गों और परिवार के साथ आने वाले पर्यटकों को विशेष सुविधा मिलेगी। वहीं गार्ड रूम से पार्किंग परिसर की सुरक्षा और नियमित देखरेख में मदद मिलेगी।

आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार के अनुसार, ग्राम वाण की धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन संबंधी महत्ता को देखते हुए यहां आधारभूत सुविधाओं का विस्तार जरूरी है। इस परियोजना से पर्यटन गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और पर्यटन आधारित आजीविका के अवसर भी विकसित होंगे। सरकार का उद्देश्य उत्तराखण्ड के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराकर पर्यटन आधारभूत ढांचे को मजबूत करना है।

देवभूमि खबर

Related articles