आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का ऐलान, मानदेय वृद्धि का शासनादेश जारी होने तक बंद रहेंगे केंद्र,दसवें दिन भी धरना जारी

देहरादून। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संयुक्त मोर्चा उत्तराखण्ड का प्रदेशव्यापी धरना बुधवार को दसवें दिन भी एकता विहार में जारी रहा। प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती रेखा नेगी के नेतृत्व में धरने पर बैठी कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल का पत्र जारी करते हुए स्पष्ट किया कि जब तक मानदेय में उचित वृद्धि नहीं की जाती और इसका शासनादेश जारी नहीं होता, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा।
संगठन का कहना है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लंबे समय से मानदेय बढ़ाने और सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग कर रही हैं। इन मांगों को लेकर मुख्यमंत्री और संबंधित मंत्री को कई बार पत्र भेजे गए। इसके अलावा 30 सितंबर को प्रदेश के सभी जिलों से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित कर 15 दिन का समय दिया गया था, लेकिन निर्धारित अवधि बीतने के बावजूद मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
कार्यकर्ताओं के अनुसार, 2 नवंबर को मुख्यमंत्री आवास कूच के माध्यम से भी मांगपत्र सौंपा गया था। उस दौरान 9 नवंबर को मुख्यमंत्री की ओर से मांगों पर घोषणा किए जाने की बात कही गई थी। संगठन को अब सूत्रों से जानकारी मिली है कि मुख्यमंत्री ने एक दिसंबर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाने की बात कही है, लेकिन कितनी वृद्धि होगी, इस संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।
संगठन ने कहा कि केवल आश्वासन के आधार पर धरना समाप्त नहीं किया जा सकता। जब तक मानदेय वृद्धि की राशि स्पष्ट नहीं होती और उसका शासनादेश जारी नहीं किया जाता, तब तक प्रदेशभर में आंदोलन जारी रहेगा। संयुक्त मोर्चा ने शांतिपूर्ण ढंग से धरना जारी रखने के साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने और ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार करने का ऐलान किया है।
बैठक में श्रीमती रेखा नेगी और श्रीमती सुशीला खत्री के नेतृत्व में प्रदेशभर की कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया।
इस दौरान नीलम खत्री, मंजू मौर्य, पुष्पा रावत, पुष्पा सजवान, रामदेव राणा, रेखा रावत, ममता चौहान, अर्चना शर्मा सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्तियां मौजूद रहीं।


