HTML tutorial
HTML tutorial

नंदा गौरा योजना से वंचित पात्र बालिकाओं को मिलेगा मौका, 30 नवंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन

नंदा गौरा योजना से वंचित पात्र बालिकाओं को मिलेगा मौका, 30 नवंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन
Spread the love

देहरादून। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि नंदा गौरा योजना से वंचित रह गई पात्र बालिकाओं को योजना का लाभ देने के लिए जल्द ही नई विज्ञप्ति जारी की जाएगी। प्रदेश की पात्र बालिकाएं 30 नवंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। सरकार का प्रयास है कि कोई भी पात्र बेटी इस महत्वाकांक्षी योजना के लाभ से वंचित न रहे।

मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार को सचिवालय में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं, बालिकाओं और बच्चों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो।

बैठक में मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 के लाभार्थियों, उनके स्वरोजगार कार्यों की प्रगति तथा लंबित आवेदनों की समीक्षा की गई। मंत्री ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के सभी पात्र आवेदनों को जल्द अंतिम रूप दिया जाएगा। दिसंबर माह के प्रथम सप्ताह तक सभी पात्र लाभार्थियों को योजना की पहली किश्त जारी कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य एकल महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें स्वरोजगार के माध्यम से सशक्त करना है।

मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि प्रदेश में जल्द ही मुख्यमंत्री बाल समृद्धि योजना शुरू की जाएगी। इसके लिए विभागीय प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है और वर्तमान में वित्त विभाग के स्तर पर प्रक्रिया लंबित है। उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रस्ताव को मंत्रिमंडल के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। इस योजना से प्रदेश के बच्चों के कल्याण और उनके बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जाएगी।

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं, बालिकाओं और बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उन्हें आत्मनिर्भर, सुरक्षित एवं सशक्त बनने के अवसर उपलब्ध कराना है।

बैठक में सचिव चंद्रेश कुमार यादव, अपर सचिव कर्मेंद्र सिंह, निदेशक बंशी लाल राणा, उपनिदेशक विक्रम सिंह, सीपीओ अंजना गुप्ता, राज्य परियोजना अधिकारी मोहित चौधरी सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles