भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान शुरू, भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियों पर घेरा

देहरादून। उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर महानगर कांग्रेस कमेटी देहरादून ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा सरकार के मंत्रियों पर लगाए जा रहे भ्रष्टाचार के आरोपों तथा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान शुरू किया। अभियान के शुभारंभ अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार को विभिन्न जनसमस्याओं और प्रशासनिक मुद्दों पर घेरा।
प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश की जनता बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून व्यवस्था से परेशान है। भाजपा सरकार जनता के सवालों का जवाब देने के बजाय अपनी जिम्मेदारियों से बच रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और सरकार की जवाबदेही तय करने के लिए आवाज बुलंद करेगी।
कांग्रेस के महामंत्री संगठन राजेंद्र भंडारी ने कहा कि प्रदेश में सामने आ रहे भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अव्यवस्थाओं के मामलों पर सरकार को जवाब देना होगा। वहीं महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि हस्ताक्षर अभियान को देहरादून के प्रत्येक वार्ड, ब्लॉक और मंडल तक पहुंचाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ा जा सके।
इस अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार, प्रदेश सोशल मीडिया विभाग के अध्यक्ष अभिनव थपलियाल, प्रदेश उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता गरिमा दसौनी, महामंत्री वीरेंद्र पोखरियाल, नवीन जोशी, अमरजीत सिंह, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र शाह, प्रदेश महासचिव अमरेंद्र बिष्ट, वीरेंद्र पंवार और ललित बद्री सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।


