HTML tutorial
HTML tutorial

अंकिता भंडारी की निजी व्हाट्सऐप चैट सार्वजनिक करने पर विनोद आर्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग

अंकिता भंडारी की निजी व्हाट्सऐप चैट सार्वजनिक करने पर विनोद आर्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग
Spread the love

देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़ी कथित निजी व्हाट्सऐप बातचीत और व्यक्तिगत जानकारियां सार्वजनिक किए जाने के मामले में विनोद आर्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठी है। इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून को शिकायत सौंपकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने का अनुरोध किया गया है।

शिकायत में कहा गया है कि 15 नवंबर 2026 को हरिद्वार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विनोद आर्य ने अंकिता भंडारी की बताई जा रही हजारों पृष्ठों की निजी व्हाट्सऐप बातचीत सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित की। आरोप है कि इस सामग्री के आधार पर मृतका के व्यक्तिगत संबंधों, निजी जीवन और पारिवारिक परिस्थितियों को लेकर भी टिप्पणियां की गईं।

शिकायतकर्ता ने सवाल उठाया है कि मृतका की निजी बातचीत किस स्रोत से प्राप्त की गई और उसे सार्वजनिक करने के लिए क्या विधिवत अनुमति ली गई थी। शिकायत में कहा गया है कि किसी महिला की निजी जानकारियों को सार्वजनिक मंच पर प्रदर्शित कर उसके व्यक्तिगत जीवन को चर्चा का विषय बनाना उसकी गरिमा और निजता से जुड़ा गंभीर मामला है। यदि इस प्रकरण से संबंधित कोई महत्वपूर्ण साक्ष्य उपलब्ध था, तो उसे सक्षम जांच एजेंसी या न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाना चाहिए था।

एसएसपी से मांग की गई है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदर्शित कथित व्हाट्सऐप चैट और दस्तावेजों के स्रोत, प्रमाणिकता तथा उन्हें प्राप्त करने और सार्वजनिक करने की अनुमति की जांच कराई जाए। साथ ही, प्रेस कॉन्फ्रेंस की पूरी वीडियो रिकॉर्डिंग, प्रदर्शित दस्तावेजों और संबंधित डिजिटल सामग्री को साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रखा जाए।

शिकायत में यह भी मांग की गई है कि उपलब्ध साक्ष्यों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर विनोद आर्य के विरुद्ध उचित कानूनी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाए। पूरे मामले में किसी भी प्रकार के राजनीतिक या अन्य दबाव से मुक्त होकर जांच करने तथा शिकायत पर हुई कार्रवाई की लिखित जानकारी उपलब्ध कराने का अनुरोध भी किया गया है।

शिकायतकर्ता का कहना है कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग के साथ-साथ उनकी गरिमा और निजता का सम्मान भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए। हालांकि, लगाए गए आरोपों और कथित सामग्री की प्रामाणिकता की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

देवभूमि खबर

Related articles