HTML tutorial
HTML tutorial

शिवालिक इको पार्क बनेगा प्रकृति और पर्यटन का अनूठा केंद्र, दो चरणों में खर्च होंगे 100 करोड़

शिवालिक इको पार्क बनेगा प्रकृति और पर्यटन का अनूठा केंद्र, दो चरणों में खर्च होंगे 100 करोड़
Spread the love

देहरादून। शिवालिक बायोडायवर्सिटी (इको) पार्क, मुनिकीरेती के विकास में प्राकृतिक सुंदरता, जैव विविधता और पारिस्थितिकी संतुलन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। पार्क में सिविल निर्माण कार्य न्यूनतम रखा जाएगा और इसकी प्राकृतिक विशेषताओं से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु ने वन विभाग के अधिकारियों को यह निर्देश दिए।

प्रमुख सचिव ने बुधवार को शिवालिक बायोडायवर्सिटी पार्क के निर्माण एवं विकास को लेकर आयोजित विभागीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में परियोजना की प्रस्तावित रूपरेखा, निर्माण कार्यों, वित्तीय प्रबंधन तथा भविष्य में पार्क के संचालन और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रमुख सचिव ने कहा कि परियोजना का मूल उद्देश्य प्राकृतिक परिवेश को संरक्षित रखते हुए जैव विविधता को अधिक से अधिक विकसित करना होना चाहिए। अनावश्यक निर्माण कार्यों से बचते हुए उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों और विशेषताओं का अधिकतम उपयोग किया जाए। इससे पार्क की नैसर्गिक सुंदरता बनी रहेगी और निर्माण पर होने वाले अनावश्यक खर्च में भी कमी आएगी।

उन्होंने अधिकारियों को प्रभावी एवं दूरदर्शी वित्तीय प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि कम से कम खर्च में अधिकतम परिणाम हासिल करने पर ध्यान दिया जाए। पार्क की योजना इस प्रकार तैयार की जाए कि भविष्य में इसके संचालन और रखरखाव के लिए स्वयं राजस्व अर्जित किया जा सके और यह आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बने।

इसके लिए पार्क को आकर्षक पर्यटन एवं प्रकृति आधारित गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित करने, अधिकाधिक पर्यटकों और आगंतुकों को आकर्षित करने तथा राजस्व अर्जन के संभावित स्रोतों की पहचान करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

प्रमुख सचिव ने परियोजना को दो चरणों में विकसित करने को कहा। प्रथम चरण में 50 करोड़ रुपये की लागत से विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर पार्क को आकर्षक, पर्यटकों के लिए सुविधाजनक और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। प्रथम चरण के अनुभव और सफलता के आधार पर दूसरे चरण की योजना तैयार होगी। इसके तहत 50 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि से पार्क का विस्तार एवं विकास कर इसे और भव्य स्वरूप प्रदान किया जाएगा।

बैठक में वन विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles