शादी का झांसा देकर 14 महिलाओं का शोषण करने का आरोपी यूएई से भारत लाया गया, सीबीआई ने कराया प्रत्यर्पण

नई दिल्ली। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और महाराष्ट्र पुलिस के समन्वय से शादी का झांसा देकर महिलाओं का शोषण करने के आरोपी मोहम्मद माजिन को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से भारत लाने में सफलता हासिल की है। इंटरपोल के रेड नोटिस पर वांछित आरोपी को 20 नवंबर 2026 को भारत प्रत्यर्पित किया गया।
महाराष्ट्र पुलिस में दर्ज मामले के अनुसार, आरोपी ने पीड़िता को शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और उसका शारीरिक, मानसिक एवं आर्थिक शोषण किया। आरोप है कि उसने धोखाधड़ी से पीड़िता से 18 लाख रुपये भी प्राप्त किए। इस मामले में सक्षम न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने इसी तरह शादी का झांसा देकर 13 अन्य महिलाओं का भी कथित रूप से शोषण किया। उनसे पैसे लेने के साथ ही उसने अंतरंग पलों के वीडियो भी रिकॉर्ड किए। इसके बाद आरोपी विदेश फरार हो गया था।
महाराष्ट्र पुलिस के अनुरोध पर सीबीआई के अंतर्गत कार्यरत एनसीबी नई दिल्ली ने इंटरपोल के माध्यम से आरोपी के खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया। इसके बाद यूएई अधिकारियों ने आरोपी की लोकेशन का पता लगाकर उसे गिरफ्तार किया। निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद यूएई प्रशासन ने उसे भारत प्रत्यर्पित करने की अनुमति दी।
महाराष्ट्र पुलिस की एक टीम यूएई पहुंची, जहां आरोपी को भारतीय अधिकारियों के सुपुर्द किया गया। पुलिस टीम आरोपी को लेकर 20 नवंबर को कोच्चि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंची।
सीबीआई ने बताया कि भारत में इंटरपोल के राष्ट्रीय केंद्रीय ब्यूरो के रूप में वह भारतपोल के माध्यम से देशभर की कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोग को सुगम बना रही है। वर्ष 2019 से अब तक इंटरपोल के माध्यम से 300 से अधिक वांछित अपराधियों को विदेशों से भारत वापस लाया जा चुका है। इनमें वर्ष 2026 में अब तक 74 भगोड़े शामिल हैं।


