HTML tutorial
HTML tutorial

पीआरडी जवानों को सालभर रोजगार और उचित मानदेय दें मंत्री रेखा आर्य : रघुनाथ सिंह नेगी

पीआरडी जवानों को सालभर रोजगार और उचित मानदेय दें मंत्री रेखा आर्य : रघुनाथ सिंह नेगी
Spread the love

विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने प्रदेश की युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्य पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेशभर के पीआरडी जवान अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार और विभागीय मंत्री उनकी समस्याओं की अनदेखी कर रहे हैं।

पत्रकारों से वार्ता करते हुए नेगी ने कहा कि पीआरडी जवानों को सालभर में मुश्किल से चार-पांच महीने ही काम मिल पाता है। बेहद कम मानदेय में परिवार का भरण-पोषण करना उनके लिए चुनौती बना हुआ है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर पीआरडी जवानों को सालभर नियमित काम क्यों नहीं दिया जा रहा है? सरकार उनकी आजीविका और भविष्य की सुरक्षा को लेकर गंभीर क्यों नहीं है?

नेगी ने मंत्री रेखा आर्य के पति की ओर से हाल ही में लगाए गए कथित आरोपों का उल्लेख करते हुए मंत्री पर करोड़ों रुपये की अवैध कमाई और विभिन्न खरीद प्रक्रियाओं में कमीशनखोरी के आरोप लगाए। उन्होंने आरोप लगाया कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से गरीब महिलाओं और बच्चों को वितरित की जाने वाली खाद्य सामग्री, सूट-साड़ियों और मोबाइल फोन की खरीद में अनियमितताएं हुई हैं।

उन्होंने मंत्री से सवाल किया कि जब विभाग के पीआरडी जवान बेहद कम मानदेय और सीमित रोजगार में जीवनयापन करने को मजबूर हैं, तो उनके हितों की चिंता क्यों नहीं की जा रही है? उन्होंने कहा कि सरकार को पीआरडी जवानों की मांगों पर गंभीरता से विचार कर उन्हें नियमित रोजगार और उचित मानदेय उपलब्ध कराना चाहिए।

मोर्चा अध्यक्ष ने मंत्री रेखा आर्य से पीआरडी जवानों को न्याय दिलाने की अपील करते हुए कहा कि उनके हितों में ठोस निर्णय लेकर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए।

पत्रकार वार्ता में हाजी असद एवं प्रवीण शर्मा पिन्नी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles