HTML tutorial
HTML tutorial

शहीद स्मारक पर राज्य आंदोलनकारियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया इगास पर्व, भेलों जलाकर दी खुशहाली की कामना

शहीद स्मारक पर राज्य आंदोलनकारियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया इगास पर्व, भेलों जलाकर दी खुशहाली की कामना
Spread the love

देहरादून। उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारी मंच की ओर से शुक्रवार 20 नवंबर को शहीद स्मारक पर इगास (बग्वाल) यानी बूढ़ी दीपावली का पर्व पारंपरिक उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। शाम चार बजे से छह बजकर 15 मिनट तक आयोजित कार्यक्रम में राज्य आंदोलनकारियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर शहीदों को नमन किया और प्रदेश की खुशहाली की कामना की।

कार्यक्रम में समाज कल्याण राज्य मंत्री अशोक वर्मा, बार काउंसिल के अध्यक्ष राजबीर बिष्ट तथा मंच के प्रदेश अध्यक्ष जगमोहन सिंह नेगी अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मातृशक्ति द्वारा दर्जनों दीपक जलाकर शहीदों के निमित्त पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों दाल पकौड़ी, दाल से भरे स्वाल और मिष्ठान का भोग लगाने तथा मंगलगीत गाने के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित लोगों ने पारंपरिक चोफला नृत्य किया। सूर्यास्त के बाद चीड़ की लकड़ी से बने भेलों को जलाकर चारों दिशाओं में घुमाया गया और इगास की खुशियां मनाई गईं। सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर पर्व की बधाई दी।

वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी पुष्पलता सीलमाणा, तारा पांडे और अरुणा थपलियाल ने कहा कि राज्य आंदोलनकारी मंच पिछले लगभग 17 वर्षों से उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहा है। यह गर्व की बात है कि मंच के प्रयासों से पारंपरिक पर्वों को व्यापक पहचान मिल रही है।

प्रदेश अध्यक्ष जगमोहन सिंह नेगी, प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप कुकरेती और जयदीप सकलानी ने कहा कि इगास पर्व को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास लगातार सफल हो रहा है। राज्य आंदोलनकारी आश्रित प्रकोष्ठ ने भी प्रकाश व्यवस्था और आयोजन में सक्रिय भागीदारी निभाई।

वक्ताओं ने कहा कि इगास जैसे पारंपरिक पर्व केवल उत्सव नहीं, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और सामूहिक एकजुटता के प्रतीक हैं। इस अवसर पर पहाड़ों में खेती-किसानी को पुनर्जीवित करने और स्थानीय पारंपरिक अनाजों के उत्पादन को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि पहाड़ों में खेती लौटने से स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा और पौष्टिक पारंपरिक अनाज के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संदेश भी प्रसारित होगा।

प्रवक्ता प्रदीप कुकरेती और बार काउंसिल सदस्य कुलदीप कुमार ने प्रदेशवासियों को इगास पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर सरकार को राज्य आंदोलन के इतिहास और उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए ठोस प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के 26 वर्ष बाद भी राज्य आंदोलन के इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है।

कार्यक्रम के समापन पर सभी ने भेलों जलाकर उत्सव मनाया तथा उपस्थित लोगों को पकौड़ी और मिष्ठान का प्रसाद वितरित किया गया।

इस अवसर पर सलाहकार केशव उनियाल, अशोक वर्मा, जगमोहन सिंह नेगी, प्रदीप कुकरेती, पृथ्वी सिंह नेगी, रामलाल खंडूड़ी, सतेन्द्र भंडारी, मोहन रावत, सुरेश नेगी, जयदीप सकलानी, यशवंत रावत, वीरेंद्र पोखरियाल, कुलदीप कुमार, पुरानी पेंशन संगठन के अध्यक्ष जीतमणि पैन्यूली, आंदोलनकारी आश्रित प्रकोष्ठ के पुष्कर बहुगुणा, आकाश रावत, हरी सिंह मेहर, मोहन थापा, अधिवक्ता जसप्रीत वालिया, प्रभात बड़थ्वाल, कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष संतन रावत सहित बड़ी संख्या में राज्य आंदोलनकारी, अधिवक्ता, कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि और मातृशक्ति मौजूद रही।

देवभूमि खबर

Related articles