भारत-नेपाल सीमा पर छारछुम मोटर पुल का शुभारंभ, दोनों देशों के प्रधानमंत्री ने दिल्ली से किया लोकार्पण

पिथौरागढ़। भारत और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों को बड़ी सौगात देते हुए पिथौरागढ़ की धारचूला तहसील के छारछुम गांव और नेपाल के दार्चुला जिले के असीगड़ा गांव को जोड़ने वाले छारछुम मोटर पुल का शुभारंभ किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने दिल्ली से संयुक्त रूप से पुल का लोकार्पण किया।

करीब 33 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 110 मीटर लंबा यह पुल दोनों देशों के बीच आवागमन, व्यापार और सामाजिक-सांस्कृतिक संबंधों को नई मजबूती देगा। अब तक क्षेत्र के लोग झूला पुलों के माध्यम से आवाजाही करते थे, लेकिन मोटर पुल शुरू होने से वाहनों का आवागमन सुगम होगा और समय की बचत होगी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी आशीष भटगांई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, डीआईजी एसएसबी एस. सुब्रमणियम, कस्टम्स कमिश्नर मयंक शर्मा तथा नेपाल के मुख्य जिलाधिकारी वर्तराज पौडेल सहित दोनों देशों के अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। पुल के शुभारंभ पर स्थानीय लोगों ने पारंपरिक नृत्य और गायन के माध्यम से खुशी जताते हुए भारत और नेपाल सरकार का आभार व्यक्त किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि पुल सीमांत क्षेत्र के विकास और दोनों देशों के बीच संपर्क मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। वहीं नेपाल के मुख्य जिलाधिकारी ने इसे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था और सामाजिक विकास के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।
उल्लेखनीय है कि छारछुम उत्तराखंड में भारत-नेपाल के बीच दूसरा मोटरेबल पुल है। इससे सीमावर्ती क्षेत्रों में व्यापारिक गतिविधियों और लोगों के आपसी संपर्क को बढ़ावा मिलेगा।


