आउटसोर्स कर्मचारियों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही भाजपा सरकार: हरक सिंह रावत
देहरादून। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने सोमवार को परेड ग्राउंड में आउटसोर्स कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के धरने में पहुंचकर कर्मचारियों को समर्थन दिया। उन्होंने भाजपा सरकार पर आउटसोर्स कर्मचारियों के साथ सौतेला व्यवहार करने और उनकी समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
धरनारत कर्मचारियों को संबोधित करते हुए डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों में आउटसोर्स कर्मचारी नियमित कर्मचारियों की तरह पूरी मेहनत और जिम्मेदारी से काम कर रहे हैं। दिन-रात मेहनत कर ये कर्मचारी सरकारी विभागों की व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं, लेकिन सरकार उन्हें उनका उचित सम्मान और अधिकार नहीं दे रही है।
उन्होंने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारी बेहद कम मानदेय और विपरीत परिस्थितियों में काम करने को मजबूर हैं। उनका भी परिवार है और उनके बच्चों की शिक्षा सहित कई जिम्मेदारियां हैं। लगातार महंगी होती शिक्षा के दौर में कम मानदेय पर परिवार का पालन-पोषण करना उनके लिए कठिन होता जा रहा है, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं है।
डॉ. रावत ने आरोप लगाया कि विभिन्न विभागों में 15 से 20 वर्ष तक सेवाएं दे चुके आउटसोर्स कर्मचारियों को बिना कारण बताए और बिना नोटिस दिए नौकरी से हटाया जा रहा है। उन्होंने इसे सरकार का तानाशाहीपूर्ण और अमानवीय रवैया बताया। उन्होंने कहा कि समान कार्य के लिए समान वेतन और नियमित कर्मचारियों के समान व्यवहार की मांग पूरी तरह जायज है।
उन्होंने सरकार से सवाल किया कि आउटसोर्स कर्मचारियों के साथ इस तरह का भेदभाव क्यों किया जा रहा है। सरकार उपनल की तर्ज पर आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए अलग निगम गठित कर उनका समायोजन कर सकती है और उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान निकाल सकती है। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले सरकार के पास कर्मचारियों की मांगों को पूरा कर सकारात्मक पहल करने का अवसर है, लेकिन सरकार मानवीय दृष्टिकोण से निर्णय नहीं ले रही है।
डॉ. रावत ने हिमाचल प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां कांग्रेस सरकार ने कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले भी उपनल कर्मचारियों के आंदोलन में उनके साथ खड़ी रही है। विपक्ष और कर्मचारियों के दबाव के बाद सरकार ने उनकी कुछ मांगों पर निर्णय लिया, हालांकि उनकी सभी समस्याओं का समाधान अभी नहीं हुआ है।
उन्होंने आउटसोर्स कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी उनकी लड़ाई में पूरी तरह साथ है। यदि वर्तमान सरकार उनकी समस्याओं का समाधान नहीं करती है तो सत्ता परिवर्तन के बाद कांग्रेस सरकार उनकी मांगों का समाधान करेगी।
इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट, प्रदेश महामंत्री विनोद चौहान, वरिष्ठ नेता विजय चौहान, दीप बोरा, कांग्रेस नेता संजय कनौजिया सहित अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।


