HTML tutorial
HTML tutorial

पर्यावरण मित्रों की अनदेखी और शोषण बर्दाश्त नहीं करेंगे: चौधरी नरेश वैध

पर्यावरण मित्रों की अनदेखी और शोषण बर्दाश्त नहीं करेंगे: चौधरी नरेश वैध
Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड में पर्यावरण मित्रों की समस्याओं, मांगों और उनके साथ हो रहे कथित शोषण के विरोध में राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन ने बुधवार को आवाज बुलंद की। यूनियन के राष्ट्रीय संगठन महासचिव एवं प्रदेश अध्यक्ष चौधरी नरेश वैध तथा नगर निगम सफाई कर्मचारी यूनियन के शाखा अध्यक्ष सुनील कुमार (सोनू खैरवाल) के नेतृत्व में सैकड़ों पर्यावरण मित्र नगर निगम परिसर में एकत्रित हुए। इसके बाद कर्मचारियों ने कूच कर जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और आठ सूत्रीय मांग पत्र सौंपा।

यूनियन की ओर से मजिस्ट्रेट के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मुख्य सचिव, उत्तराखंड शासन को संबोधित ज्ञापन दिया गया। इसमें पर्यावरण मित्रों के विनियमितीकरण से लेकर मानदेय वृद्धि, स्थायी पदों के सृजन और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दे उठाए गए।

यूनियन की प्रमुख मांग है कि पर्यावरण मित्रों के विनियमितीकरण की कटऑफ तिथि वर्ष 2018 से बढ़ाकर 2024 की जाए। निकायों में दैनिक वेतन, संविदा, अंशकालिक और तदर्थ रूप से कार्यरत कर्मचारियों के साथ मोहल्ला स्वच्छता समितियों एवं आउटसोर्सिंग के माध्यम से काम कर रहे पर्यावरण मित्रों का मानदेय बढ़ाकर 800 रुपये प्रतिदिन किया जाए।

ज्ञापन में मृतक पर्यावरण मित्रों के समाप्त किए गए पदों को बहाल करने तथा प्रदेश की नगर निकायों में क्षेत्रफल और आबादी के अनुपात में 10 हजार नए स्थायी पद स्वीकृत करने की मांग भी की गई है।

इसके अलावा भगवान महर्षि वाल्मीकि के नाम से एक कोष स्थापित करने की मांग उठाई गई, ताकि वाल्मीकि समाज के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों की शिक्षा, भरण-पोषण और अन्य आवश्यकताओं के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके। यूनियन ने वर्ष 2004-05 से बंद पर्यावरण मित्रों की पेंशन व्यवस्था बहाल करने की भी मांग की।

ज्ञापन में देहरादून में महर्षि भगवान वाल्मीकि के नाम पर भव्य सामुदायिक भवन का निर्माण कराने की मांग भी शामिल है।

इस अवसर पर चौधरी नरेश वैध ने कहा कि प्रदेश के पर्यावरण मित्र सफाई व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद उनकी समस्याओं और जायज मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पर्यावरण मित्रों की अनदेखी और उनका शोषण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।

देवभूमि खबर

Related articles