ओजोन ग्रुप पर ईडी का बड़ा शिकंजा, 702.70 करोड़ की संपत्तियां कुर्क

बेंगलुरु। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के बेंगलुरु क्षेत्रीय कार्यालय ने ओजोन ग्रुप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 702.70 करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्तियां अस्थायी रूप से कुर्क की हैं। इनमें फ्लैट और जमीन शामिल हैं। ईडी ने 25 नवंबर 2026 को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत अस्थायी कुर्की आदेश संख्या 45/2026 जारी किया।
यह मामला मेसर्स ओजोन अर्बाना इन्फ्रा डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड और उससे जुड़ी अन्य कंपनियों का है। जांच में ओजोन ग्रुप के प्रबंध निदेशक वासुदेवन एस सहित समूह की विभिन्न कंपनियों पर घर खरीदारों से करीब 1,305.11 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप सामने आया है।
ईडी ने कर्नाटक पुलिस और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की ओर से भारतीय दंड संहिता की धारा 419, 420 और 120बी के तहत दर्ज कई प्राथमिकी के आधार पर जांच शुरू की थी। इनमें सीबीआई की आर्थिक अपराध शाखा-1, नई दिल्ली में सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश पर दर्ज मामले भी शामिल हैं। शिकायतों में आवासीय परियोजनाएं पूरी नहीं करने, बुक किए गए फ्लैटों का कब्जा नहीं देने और खरीदारों से वसूली गई रकम वापस नहीं करने के आरोप लगाए गए हैं।
ईडी की जांच में सामने आया कि ओजोन ग्रुप की कंपनियों ने सबवेंशन, बायबैक और जीरो डाउन पेमेंट जैसी योजनाओं के माध्यम से लोगों को आवासीय इकाइयां खरीदने के लिए आकर्षित किया। खरीदारों को यह भरोसा भी दिया गया कि फ्लैट का कब्जा मिलने तक बिल्डर उनके ऋण की शुरुआती किस्तें (प्री-ईएमआई) और मासिक किस्तें (ईएमआई) चुकाएगा।
जांच के अनुसार ओजोन अर्बाना इन्फ्रा डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड (एक्वा-2 और एवेन्यू परियोजना), ओजोन इन्फ्रा डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड (प्राइम परियोजना), ओजोन प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड (मेट्रोजोन परियोजना), ओजोन एलिगेंट डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड (डब्ल्यूएफ-48 परियोजना) और ओजोन रियल्टर्स प्राइवेट लिमिटेड (पोलस्टार परियोजना) के माध्यम से घर खरीदारों से रकम जुटाई गई। इसके बावजूद संबंधित परियोजनाएं अधूरी रहीं और खरीदारों को उनके बुक किए गए फ्लैटों का कब्जा नहीं दिया गया।
ईडी की जांच में यह भी सामने आया कि घर खरीदारों से बड़ी रकम वसूलने के साथ ही बैंकों से आवास ऋण भी सीधे बिल्डर कंपनियों को जारी किए गए। इसके बावजूद परियोजनाओं का निर्माण पूरा नहीं हुआ। जांच एजेंसी के अनुसार निवेशकों और घर खरीदारों से प्राप्त धनराशि का इस्तेमाल संबंधित परियोजनाओं के निर्माण में करने के बजाय ओजोन ग्रुप की विभिन्न कंपनियों के बीच अंतर–कंपनी जमा और अन्य वित्तीय लेनदेन के माध्यम से दूसरी जगह भेजा गया।
इस रकम का इस्तेमाल ऋण चुकाने, पुराने ऋणों के पुनर्वित्त, ब्याज और वित्तीय खर्चों, निवेशकों को भुगतान, कंपनी के खर्चों तथा अन्य देनदारियों को पूरा करने में किया गया। ईडी के मुताबिक इस तरह परियोजनाओं के निर्माण और पूरा करने के लिए जुटाई गई रकम का कथित तौर पर दूसरे कार्यों में इस्तेमाल किया गया।
ईडी ने इस मामले में पूर्व में 4 अक्टूबर 2025 को जारी अस्थायी कुर्की आदेश संख्या 29/2025 के तहत 423.37 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियां कुर्क की थीं। अब आगे की जांच और अपराध से अर्जित धन से जुड़ी अतिरिक्त संपत्तियों की पहचान के बाद 702.70 करोड़ रुपये की नई कुर्की की गई है।
ईडी के अनुसार ताजा कार्रवाई पहले की कुर्की के अतिरिक्त है। जांच में घर खरीदारों से जुटाई गई रकम के कथित दुरुपयोग और विभिन्न कंपनियों के माध्यम से धन के हस्तांतरण से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।


