HTML tutorial
HTML tutorial

विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारी तेज, ईवीएम-वीवीपैट को लेकर प्रदेशभर में जागरूकता अभियान शुरू

विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारी तेज, ईवीएम-वीवीपैट को लेकर प्रदेशभर में जागरूकता अभियान शुरू
Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर ईवीएम और वीवीपैट के उपयोग को लेकर प्रदेशव्यापी जन-जागरूकता अभियान शुरू हो गया है। इस अभियान के माध्यम से मतदाताओं को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वोटर वेरिफाएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) की कार्यप्रणाली समझाई जाएगी। इसके लिए प्रदेश के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में मोबाइल डेमोस्ट्रेशन वैन तैनात की गई हैं। साथ ही प्रत्येक जिला निर्वाचन अधिकारी और रिटर्निंग ऑफिसर के मुख्यालयों पर ईवीएम डेमोस्ट्रेशन सेंटर स्थापित किए गए हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बताया कि विधानसभा चुनाव-2027 में इस्तेमाल होने वाली ईवीएम और वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) पूरी होने के बाद प्रशिक्षण एवं जागरूकता के लिए 974 बैलेट यूनिट (बीयू), 974 कंट्रोल यूनिट (सीयू) और 974 वीवीपैट मशीनें निर्धारित की गई हैं। यह प्रक्रिया मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों आम आदमी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के अधिकृत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में पूरी की गई। प्रशिक्षण के लिए चिह्नित मशीनों की सूची भी राजनीतिक दलों के साथ साझा की गई है।

उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रशिक्षण और जागरूकता में इस्तेमाल होने वाली ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों को निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत अलग गोदाम में सुरक्षित रखा जाएगा।

ईवीएम और वीवीपैट का व्यावहारिक प्रदर्शन करने के लिए स्थापित डेमोस्ट्रेशन सेंटर पर आम नागरिक मतदान प्रक्रिया को समझ सकेंगे और स्वयं मॉकपोल में भाग लेकर मशीनों के संचालन की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा मोबाइल डेमोस्ट्रेशन वैन सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केंद्रों, गांवों, मोहल्लों, वार्डों और विभिन्न समूहों तक पहुंचकर लोगों को जागरूक करेंगी।

 

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार यह अभियान विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा होने तक जारी रहेगा। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद ईवीएम और वीवीपैट से संबंधित जागरूकता केवल डिजिटल माध्यमों से संचालित की जाएगी।

प्रदेश के विभिन्न जनपदों में जन-जागरूकता अभियान अलग-अलग तिथियों से शुरू किया गया है। देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़ और चम्पावत में 16 नवंबर से, टिहरी गढ़वाल, बागेश्वर और नैनीताल में 18 नवंबर से, चमोली में 20 नवंबर से तथा उत्तरकाशी और ऊधमसिंह नगर में 21 नवंबर से अभियान शुरू हुआ। वहीं रुद्रप्रयाग जिले में 25 नवंबर 2026 से इसकी शुरुआत की गई है।

अभियान की प्रगति पर भी नियमित निगरानी रखी जाएगी। प्रत्येक जिला निर्वाचन अधिकारी और रिटर्निंग ऑफिसर को साप्ताहिक अथवा पाक्षिक आधार पर ईवीएम डेमोस्ट्रेशन सेंटर और मोबाइल वैन के माध्यम से कवर किए गए मतदान केंद्रों, प्रदर्शन देखने वाले लोगों तथा मॉकपोल में प्रतिभाग करने वाले मतदाताओं की संख्या की रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप में मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध करानी होगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. पुरुषोत्तम ने प्रदेश के सभी मतदाताओं से जन-जागरूकता कार्यक्रम में सक्रिय रूप से प्रतिभाग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त करना और लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करना प्रत्येक मतदाता का महत्वपूर्ण दायित्व है।

देवभूमि खबर

Related articles