मुख्यमंत्री ने आईआरएस पुस्तिका और राज्य आपदा प्रबंधन योजना 2026-27 का किया विमोचन
देहरादून, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (आईआरएस) पुस्तिका एवं उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन योजना (एसडीएमपी) 2026-27 का विमोचन किया। इन दोनों दस्तावेजों का उद्देश्य प्रदेश में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, समन्वित और प्रभावी बनाना है।
आईआरएस पुस्तिका में आपदा के दौरान विभिन्न अधिकारियों और विभागों की भूमिका, जिम्मेदारियों तथा आपसी समन्वय की व्यवस्था को स्पष्ट किया गया है। इससे आपदा की स्थिति में त्वरित निर्णय लेने, राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने और राज्य से लेकर स्थानीय स्तर तक प्रतिक्रिया तंत्र को मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।
वहीं, उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन योजना 2026-27 में प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों और आपदा संबंधी संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए आपदा जोखिम न्यूनीकरण, पूर्व तैयारी, चेतावनी प्रणाली, आपातकालीन प्रतिक्रिया, राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं को शामिल किया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड जैसे आपदा की दृष्टि से संवेदनशील राज्य में प्रभावी तैयारी, बेहतर समन्वय और समयबद्ध कार्रवाई बेहद महत्वपूर्ण है। आईआरएस पुस्तिका और राज्य आपदा प्रबंधन योजना आपदा के दौरान विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियां तय करने तथा राहत एवं बचाव कार्यों को व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
मुख्यमंत्री ने सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान को याद करते हुए कहा कि यह अभियान उनके लिए केवल एक मिशन नहीं था, बल्कि 41 जिंदगियों और उनके परिवारों की उम्मीदों को बचाने का संकल्प था। उन्होंने कहा कि विश्व के इस बेहतरीन आपदा प्रबंधन अभियान और हमारे जांबाजों के अदम्य साहस को याद कर आज भी मन भावुक और गर्व से भर जाता है।
उन्होंने कहा कि सिलक्यारा बचाव अभियान ने आपदा प्रबंधन में साहस, समर्पण, तकनीकी दक्षता और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय के महत्व को भी रेखांकित किया।


