उत्तराखण्ड में 8,279 करोड़ की विकास परियोजनाओं को गति देने के निर्देश, एक माह में धरातल पर दिखने चाहिए काम

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखण्ड निवेश एवं आधारभूत संरचना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) की पांचवीं बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री ने हरिद्वार गंगा कॉरिडोर, ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर और शारदा रिवर फ्रंट कॉरिडोर सहित प्रदेश की विभिन्न महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माणाधीन परियोजनाओं में तेजी लाई जाए और जिन परियोजनाओं को शीघ्र शुरू किया जा सकता है, उनकी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर काम प्रारंभ किया जाए। उन्होंने कहा कि आगामी एक माह के भीतर कुछ परियोजनाओं के कार्य धरातल पर दिखाई देने चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाते समय संबंधित क्षेत्र की पहचान, स्थानीय संस्कृति, धार्मिक और प्राकृतिक महत्व का विशेष ध्यान रखा जाए। परियोजनाओं में स्थानीय विशिष्टताओं को शामिल किया जाए, ताकि क्षेत्र की मौलिक पहचान बनी रहे और पर्यटन के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ें।
हरिद्वार गंगा कॉरिडोर में 3,297 करोड़ की परियोजनाएं
बैठक में बताया गया कि हरिद्वार गंगा कॉरिडोर के अंतर्गत 3,297 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें लगभग 495 करोड़ रुपये की परियोजनाएं क्रियान्वयन के चरण में हैं। प्रशासनिक मार्ग के विकास का 75 प्रतिशत, हरकी पैड़ी के उत्तरी क्षेत्र में विकास कार्यों का 70 प्रतिशत, हरकी पैड़ी एवं सुभाष घाट के पुनर्विकास का 50 प्रतिशत तथा रोड़ी बेलवाला क्षेत्र के पुनर्विकास का 45 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
मां मनसा देवी और मां चंडी देवी मंदिरों के पहुंच मार्गों के विकास का क्रमशः 55 और 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो गया है। इन कार्यों को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, सतीकुंड के पुनर्विकास का 30 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, जिसे अप्रैल 2027 तक पूरा किया जाना है।
ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर में 3,456 करोड़ का निवेश प्रस्तावित
ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के अंतर्गत 3,456 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें 274 करोड़ रुपये की परियोजनाएं क्रियान्वयन के चरण में हैं। जानकी झूला के समीप एकीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर के निर्माण का 39 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। इसे जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
इसके अलावा 115.07 करोड़ रुपये की लागत से त्रिवेणी घाट का विकास, 35.78 करोड़ रुपये से आस्था पथ का सौंदर्यीकरण और 32.28 करोड़ रुपये की लागत से चंद्रभागा पैदल पुल का निर्माण किया जा रहा है। शिवपुरी और नीम बीच क्षेत्र में राफ्टिंग एवं पर्यटक सुविधाओं के विकास के कार्य भी गतिमान हैं।
शारदा रिवर फ्रंट कॉरिडोर में 1,526 करोड़ की परियोजनाएं
शारदा रिवर फ्रंट कॉरिडोर के अंतर्गत 1,526 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें 340.49 करोड़ रुपये की परियोजनाएं क्रियान्वयन के चरण में हैं। आपदा जोखिम कम करने के उद्देश्य से 85.23 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे पारिस्थितिक कॉरिडोर का 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
इसी प्रकार 184.20 करोड़ रुपये की लागत से शारदा घाट के पुनर्विकास का 30 प्रतिशत और 66.49 करोड़ रुपये की लागत से शहरी जल निकासी योजना के प्रथम चरण का 13 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। टनकपुर बस टर्मिनल का निर्माण भी अंतिम चरण में है।
तीनों कॉरिडोर से हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार
बैठक में अवगत कराया गया कि तीनों कॉरिडोर के अंतर्गत कुल 8,279 करोड़ रुपये लागत की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें लगभग 1,109 करोड़ रुपये की परियोजनाएं क्रियान्वयन के चरण में हैं। इन परियोजनाओं के माध्यम से 21 से 27 हजार लोगों को प्रत्यक्ष तथा 45 से 53 हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है।
इसके अतिरिक्त श्रीनगर-बेलकेदार क्षेत्र में लगभग 72 हेक्टेयर भूमि पर आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र विकसित करने की योजना की प्रगति की जानकारी दी गई। बैठक में साहसिक पर्यटन के सुरक्षित एवं सुनियोजित विकास, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, निजी निवेश को प्रोत्साहन तथा परियोजनाओं की प्रभावी निगरानी से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई।
बैठक में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, प्रदीप बत्रा, अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव रविनाथ रमन, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, स्थानिक आयुक्त अजय मिश्रा तथा संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।


