दिसंबर के अंतिम सप्ताह में भव्य रूप से आयोजित होगा दिशा-ध्याणी कार्यक्रम, डीएम ने तैयारियों के दिए निर्देश

देहरादून। जनपद में आगामी दिसंबर माह के अंतिम सप्ताह में प्रस्तावित दिशा-ध्याणी कार्यक्रम को भव्य एवं सुव्यवस्थित रूप से आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कार्यक्रम की महत्ता और व्यापकता को देखते हुए मुख्य विकास अधिकारी को आयोजन के सुव्यवस्थित संचालन तथा विभिन्न व्यवस्थाओं के बीच समन्वय स्थापित करने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को भव्य एवं प्रभावी स्वरूप प्रदान करने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें और अपनी जिम्मेदारियों का समयबद्ध ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर विभागीय स्टॉल स्थापित करने के निर्देश दिए। इन स्टॉलों के माध्यम से विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवाओं, उपलब्धियों और जनहितकारी गतिविधियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही पात्र लाभार्थियों को संबंधित योजनाओं से लाभान्वित भी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में पहुंचने वाले लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी सहजता से उपलब्ध होनी चाहिए। इसके लिए विभागीय स्टॉल आकर्षक, सुव्यवस्थित और जनोपयोगी बनाए जाएं। जिलाधिकारी ने आयोजन से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने तथा अधिकारियों को आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण विक्रम सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल, जिला पर्यटन विकास अधिकारी जसवंत सिंह चौहान, जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास विभाग जितेंद्र कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल, जिला खेल अधिकारी शुभांगी गुरुंग, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी चक्रपाणी मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


