HTML tutorial
HTML tutorial

उत्तराखण्ड में आपदा प्रबंधन को लेकर मुख्यमंत्री धामी की चार बड़ी घोषणाएं, अब अग्निकांड पीड़ितों को भी मिलेगी एसडीआरएफ मानकों के अनुसार राहत

उत्तराखण्ड में आपदा प्रबंधन को लेकर मुख्यमंत्री धामी की चार बड़ी घोषणाएं, अब अग्निकांड पीड़ितों को भी मिलेगी एसडीआरएफ मानकों के अनुसार राहत
Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश की आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत बनाने और जनसहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें भूतपूर्व सैनिकों एवं सेवानिवृत्त वर्दीधारी कर्मियों को आपदा बचाव का प्रशिक्षण देने, शिक्षण संस्थानों में आपदा मित्र तैयार करने, आवासीय भवनों में होने वाले अग्निकांड को आपदा की श्रेणी में शामिल करने और राहत-बचाव कार्यों में सहयोग करने वाले लोगों को पुरस्कृत करने की घोषणाएं शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भूतपूर्व सैनिकों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, पुलिस तथा अन्य वर्दीधारी सेवाओं के सेवानिवृत्त कार्मिकों को आपदा से बचाव का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनके सहयोग से आमजन को आपदाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा।

शिक्षण संस्थानों में आपदा प्रबंधन की तैयारी को लेकर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रथम चरण में अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य शिक्षण संस्थानों में प्रत्येक एक हजार विद्यार्थियों पर एक शिक्षक को राज्य सरकार की ओर से आपदा मित्र अथवा आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षित शिक्षक छात्र-छात्राओं को लगातार आपदाओं से बचाव और सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगे।

मुख्यमंत्री ने एक अन्य महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि आवासीय भवनों में किसी भी प्रकार की दुर्घटना के कारण आग लगने की घटना को आपदा के रूप में स्वीकार किया जाएगा। ऐसे अग्निकांड से प्रभावित व्यक्तियों को राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ) के मानकों के अनुरूप राहत राशि उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही आपदाओं और सड़क दुर्घटनाओं के दौरान निःस्वार्थ भाव से राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करने वाले लोगों को सरकार पुरस्कृत करेगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (आईआरएस) पुस्तिका और उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन योजना (एसडीएमपी) 2026-27 का विमोचन भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की विशिष्ट भौगोलिक परिस्थितियों के कारण आपदा प्रबंधन हमेशा से चुनौतीपूर्ण विषय रहा है। प्रदेश को विभिन्न प्रकार की प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में जनजागरूकता बढ़ाने के साथ प्रत्येक स्तर पर पूर्व तैयारियों को मजबूत करना जरूरी है। आपदा प्रबंधन से विद्यालयों और महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं को भी जोड़ा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया बेहद महत्वपूर्ण होती है। आपदा की सूचना मिलते ही पूरा तंत्र सक्रिय होना चाहिए और प्रभावित लोगों तक जल्द से जल्द राहत एवं सहायता पहुंचनी चाहिए। कठिन परिस्थितियों में आपदा प्रभावितों के बीच पहुंचकर उनके साथ खड़ा होना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है। पिछले दो-तीन वर्षों में प्रदेश ने अनेक आपदाओं का सामना किया है। इस दौरान शासन-प्रशासन तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न एजेंसियों ने बेहतर समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए हैं।

मुख्यमंत्री ने सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान के अनुभव साझा करते हुए कहा कि 12 नवंबर 2023 को दीपावली के दिन उत्तरकाशी की सिलक्यारा सुरंग में 41 श्रमिक फंस गए थे। सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालना बड़ी चुनौती थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न एजेंसियों ने आपसी समन्वय से अभियान को आगे बढ़ाया। प्रधानमंत्री कार्यालय और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की टीमों का भी इसमें महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान के दौरान कई तकनीकी चुनौतियां सामने आईं। श्रमिकों की सुरक्षित निकासी के लिए एक साथ कई वैकल्पिक उपायों पर काम किया गया तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों की सहायता ली गई। लगभग 17 दिनों के अथक प्रयासों के बाद 28 नवंबर 2023 को सभी 41 श्रमिकों को सकुशल बाहर निकालने में सफलता मिली। बाबा बौखनाग के आशीर्वाद, श्रमिकों के धैर्य, बचाव दलों के अथक परिश्रम और केंद्र एवं राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से यह अभियान सफल हो सका।

मुख्यमंत्री ने भूकंप की दृष्टि से उत्तराखण्ड की संवेदनशीलता को देखते हुए भूकंप से बचाव और सुरक्षा के लिए भी नियमित मॉक ड्रिल आयोजित करने पर जोर दिया।

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने कहा कि सिलक्यारा अभियान केवल एक सफल बचाव अभियान नहीं था, बल्कि मानवीय संवेदनशीलता का भी महत्वपूर्ण उदाहरण था। विषम परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखना, जिला स्तर से लेकर भारत सरकार तक बेहतर टीमवर्क और शीर्ष नेतृत्व द्वारा धरातल पर रहकर मार्गदर्शन देना इस अभियान की सफलता के प्रमुख आधार रहे।

उन्होंने कहा कि आपदा से प्रभावित अंतिम व्यक्ति तक समय पर सहायता पहुंचाना ही हमारा उद्देश्य होना चाहिए।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से सिलक्यारा बचाव अभियान, प्रदेश में आपदा प्रबंधन तंत्र के सुदृढ़ीकरण, आपदा जोखिम न्यूनीकरण, पूर्व चेतावनी प्रणाली, क्षमता विकास और भविष्य की कार्ययोजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, खजान दास, प्रदीप बत्रा एवं भरत सिंह चौधरी, राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रुहेला, लेफ्टिनेंट कर्नल (सेवानिवृत्त) रघुवीर सिंह भण्डारी, प्रमुख सचिव डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के सभी जिलाधिकारी तथा विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं भी जुड़े।

देवभूमि खबर

Related articles