HTML tutorial
HTML tutorial

केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और जयंत चौधरी ने किया नव्या 2.0 का संयुक्त शुभारंभ, 24 राज्यों के 100 जिलों की किशोरियों और युवतियों को मिलेगा लाभ

केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और जयंत चौधरी ने किया नव्या 2.0 का संयुक्त शुभारंभ, 24 राज्यों के 100 जिलों की किशोरियों और युवतियों को मिलेगा लाभ
Spread the love

हरिद्वार। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा राज्य मंत्री श्री जयंत चौधरी ने शनिवार को हरिद्वार स्थित उत्तराखण्ड संस्कृत संस्थानम् में संयुक्त रूप से नव्या 2.0 योजना का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य किशोरियों और युवा महिलाओं को व्यावसायिक प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता के अवसरों से जोड़ना तथा आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।

नव्या (NAVYA – Nurturing Aspirations through Vocational Training for Young Women and Adolescent Girls) महिला एवं बाल विकास मंत्रालय और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की संयुक्त पहल है। नव्या 2.0 के तहत देश के 24 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के 100 जिलों को शामिल किया जाएगा। इसमें आकांक्षी और दुर्गम क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। योजना में पात्रता आयु सीमा 16 से 18 वर्ष के स्थान पर बढ़ाकर 16 से 25 वर्ष कर दी गई है। इसके माध्यम से युवतियों को उद्योगों की मांग के अनुरूप उभरते और गैर-पारंपरिक रोजगार क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।

प्रशिक्षण के बाद युवतियों को रोजगार, अप्रेंटिसशिप और स्वयं का उद्यम स्थापित करने के अवसरों से जोड़ने की व्यवस्था भी की जाएगी। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला स्तर पर समान मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) लागू होगी। वहीं, स्किल इंडिया डिजिटल हब (एसआईडीएच) पोर्टल के माध्यम से अभ्यर्थियों को नामांकन से लेकर प्रशिक्षण और प्रमाणन तक सहयोग दिया जाएगा। पोर्टल पर प्रत्येक अभ्यर्थी की प्रगति की निगरानी भी की जाएगी।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि महिलाओं की पूर्ण भागीदारी के बिना विकसित भारत 2047 का संकल्प अधूरा रहेगा। महिलाएं केवल विकास योजनाओं की लाभार्थी नहीं, बल्कि विकास की नेतृत्वकर्ता भी बनें। उन्होंने मां गंगा की अविरल धारा का उल्लेख करते हुए कहा कि इसकी निरंतर प्रवाहमान प्रकृति हमें लगातार आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से बालिकाओं की जीवन यात्रा के प्रत्येक चरण में सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है और नव्या 2.0 इसी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाएगा।

उन्होंने कहा कि राज्य नोडल अधिकारी कार्यक्रम के क्रियान्वयन का नेतृत्व करेंगे। एसआईडीएच पोर्टल के माध्यम से प्रत्येक अभ्यर्थी की प्रगति पर नजर रखी जाएगी, ताकि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली हर बालिका सार्थक रोजगार की दिशा में आगे बढ़ सके।

केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने वर्चुअल संदेश में कहा कि नव्या 2.0 अधिक से अधिक युवा महिलाओं, विशेषकर वंचित और पिछड़े जिलों की युवतियों को नए करियर विकल्प तलाशने के लिए प्रोत्साहित करेगा। इसके माध्यम से उन्हें अप्रेंटिसशिप के जरिए व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने और अपना उद्यम स्थापित करने के अवसर मिलेंगे।

कार्यक्रम के दौरान उत्तराखण्ड में 477 सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों तथा प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के अंतर्गत निर्मित पांच नए आंगनवाड़ी केंद्रों का भी लोकार्पण किया गया। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (पीएमकेवीवाई) 4.0 के तहत प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 10 अभ्यर्थियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में उत्तराखण्ड सरकार की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती रेखा आर्य, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री श्री मदन कौशिक, लोकसभा सांसद श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की सचिव श्रीमती देबाश्री मुखर्जी, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सचिव श्री अनिल मलिक, संयुक्त सचिव सुश्री हेना उस्मान, संयुक्त सचिव श्री अजीत कुमार सहित दोनों मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles