HTML tutorial
HTML tutorial

जमीन दिलाने के नाम पर 7.20 करोड़ रुपये की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

जमीन दिलाने के नाम पर 7.20 करोड़ रुपये की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

हरिद्वार। एप्रो ग्लोबल कंपनी को मुजफ्फरनगर में प्लांट स्थापित करने के लिए जमीन उपलब्ध कराने के नाम पर 7 करोड़ 20 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी करने के मामले में हरिद्वार पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मंगलौर कोतवाली पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ऑपरेशन प्रहार के तहत यह कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता अभिलाषा की ओर से दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया था कि एप्रो ग्लोबल कंपनी को जनपद मुजफ्फरनगर में प्लांट स्थापित करने के लिए जमीन दिलाने के नाम पर उनसे 7 करोड़ 20 लाख रुपये से अधिक की धनराशि प्राप्त की गई। आरोपियों ने धोखाधड़ी कर पूरी धनराशि हड़प ली। शिकायत के आधार पर कोतवाली मंगलौर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मंगलौर ने पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू किए। इसी क्रम में 21 नवंबर को पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मुकदमे में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कामिल हसन पुत्र इब्राहिम निवासी ग्राम खुड्डा, थाना छपार, जिला मुजफ्फरनगर और तिलकराम उर्फ तेल्लूराम पुत्र स्वर्गीय रुमाल सिंह निवासी ग्राम तेजलहेड़ा, थाना छपार, जिला मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है।

पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संजय रावत, अपर उपनिरीक्षक महेश चंद, उपनिरीक्षक श्याम बाबू, कांस्टेबल सुधीर कुमार, कांस्टेबल तेजपाल सिंह और कांस्टेबल चालक लाल सिंह शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles