विश्व मात्स्यिकी दिवस पर गंगा में छोड़े गए मत्स्य बीज, कामधेनु लोक में हुआ पौधारोपण

हरिद्वार। विश्व मात्स्यिकी दिवस के अवसर पर शनिवार को मत्स्य विभाग हरिद्वार की ओर से कामधेनु घाट पर गंगा नदी की मुख्य धारा में मत्स्य बीज संचयन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कामधेनु लोक में पौधारोपण भी किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य गंगा के प्राकृतिक मत्स्य संसाधनों का संरक्षण एवं संवर्धन करने के साथ जलीय जैव विविधता को सुरक्षित रखना और पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखना रहा। इसके माध्यम से आमजन को नदियों, जलस्रोतों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम में निदेशक मत्स्य विभाग उत्तराखंड सीएस धर्मशक्तु, उपनिदेशक मत्स्य प्रमोद कुमार शुक्ल तथा उपनिदेशक मत्स्य गढ़वाल मंडल अल्पना हल्दिया उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा ने किया। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी डॉ. नीलकांत सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने गंगा नदी में मत्स्य बीज छोड़े और कामधेनु लोक में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि नदियों में वैज्ञानिक पद्धति से गुणवत्तायुक्त मत्स्य बीज का संचयन प्राकृतिक मत्स्य भंडार को समृद्ध करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इससे जलीय जैव विविधता के संरक्षण, पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने और भविष्य में मत्स्य उत्पादन की संभावनाओं को बढ़ावा मिलता है।
कार्यक्रम के माध्यम से गंगा के प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, मत्स्य संपदा के संवर्धन और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए सामूहिक सहभागिता का आह्वान किया गया।


