HTML tutorial
HTML tutorial

एडीजी वी. मुरुगेशन ने कलियर में युवाओं को पढ़ाया सुरक्षा और जागरूकता का पाठ

एडीजी वी. मुरुगेशन ने कलियर में युवाओं को पढ़ाया सुरक्षा और जागरूकता का पाठ
Spread the love

कलियर। उत्तराखंड के अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) ने शनिवार को पिरान कलियर क्षेत्र स्थित हरिओम सरस्वती कॉलेज ऑफ नर्सिंग एंड मेडिकल साइंस में छात्र-छात्राओं और स्थानीय नागरिकों के साथ जनसंवाद किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने, साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और यातायात नियमों का पालन करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि आज का युवा देश का भविष्य है और बेहतर भविष्य के लिए सही मार्ग का चयन करना बेहद जरूरी है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और स्थानीय नागरिकों ने प्रतिभाग किया। एडीजी ने नशा मुक्त देवभूमि अभियान के तहत युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि पूरे परिवार और उसके भविष्य को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा आसपास नशा तस्करी या किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।

एडीजी ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराध एक बड़ी चुनौती बनकर उभर रहे हैं। ऑनलाइन धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के जरिए होने वाली ठगी से बचने के लिए सभी को जागरूक और सतर्क रहना होगा। उन्होंने सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने तथा किसी भी साइबर धोखाधड़ी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी।

छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्होंने उत्तराखंड पुलिस के गौरा शक्ति ऐप और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं से बिना किसी भय और संकोच के अपनी समस्याएं पुलिस के सामने रखने की अपील की।

यातायात सुरक्षा पर उन्होंने युवाओं से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने और यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करने का आह्वान किया।

जनसंवाद के दौरान स्थानीय नागरिकों और विद्यार्थियों ने अपनी समस्याएं एवं सुझाव भी रखे। एडीजी ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को उनके त्वरित और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के अंत में कॉलेज प्रबंधन, छात्र-छात्राओं, ग्राम प्रधानों और स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना की। इस अवसर पर जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पिरान कलियर, कॉलेज के प्राचार्य, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles