राज्यसभा में पीएम का भाषण लंबा था पर सवालों के जवाब नहीं दिए: कांग्रेस

Spread the love

नई दिल्ली।राज्यसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वक्तव्य के बाद कांग्रेस ने बुधवार को आरोप लगाया कि मोदी ने लंबा भाषण दिया और व्यंग्य भी किया, लेकिन उन बुनियादी सवालों के जवाब नहीं दिए जो विपक्ष ने उठाए थे।

पीएम मोदी ने राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा में विपक्ष पर उच्च सदन में विधेयकों को पारित करने में व्यवधान डालने का आरोप लगाया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने प्रधानमंत्री के इस आरोप को पूरी तरह गलत बताया कि राज्यसभा ने पिछले पांच वर्षों में कामकाज में रुकावट पैदा की।

संसद भवन परिसर में उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि सरकार को 2004 से 2014 के बीच की संसद की कार्यवाही का ब्यौरा जारी करना चाहिए ताकि यह पता हो सके कि कार्यवाही में किस तरह से व्यवधान डाले गए थे।

शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने राज्यसभा में लंबा भाषण दिया और व्यंग्य भी किया, लेकिन उन बुनियादी सवालों के जवाब नहीं दिए जो हमने उठाए थे। किसानों के मुद्दों पर उन्होंने सदन को गुमराह किया। नेता प्रतिपक्ष की बात को उन्होंने गलत ढंग से पेश किया। उन्होंने कहा- प्रधानमंत्री चाहते हैं कि लोकसभा जिस विषय पर जैसे मुहर लगा दे और उसी तरह राज्यसभा भी पारित कर दे तो यह संभव नहीं है।

देवभूमि खबर

Related articles